प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर बीजेपी देशभर में सेवा संकल्प अभियान शुरू करने जा रही है. इसकी शुरुआत आज यानी 17 सितंबर से होगी. इस मौके पर प्रधानमंत्री की कर्मभूमि काशी से उनकी जन्मभूमि वडनगर तक विशेष बाइक यात्रा निकाली जाएगी. यात्रा को वाराणसी के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से रवाना किया जाएगा.
ADVERTISEMENT
काशी के मंच पर NDA के कई बड़े नेता
बाइक यात्रा की शुरुआत के मौके पर बीजेपी और एनडीए के कई प्रमुख नेता एक मंच पर नजर आएंगे. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे. राजनाथ सिंह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देर रात काशी पहुंच चुके हैं.
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और एनडीए सहयोगी चंद्रबाबू नायडू तथा केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगे. केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, यात्रा संयोजक एवं सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर और भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद हेमांग जोशी भी मौजूद रहेंगे. नेता बाइक यात्रा को हरी झंडी दिखाने के साथ सभा को भी संबोधित करेंगे.
यूपी चुनाव से पहले कार्यक्रम पर सबकी नजर
उत्तर प्रदेश में अगले करीब छह महीने में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में काशी में आयोजित होने वाला यह बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम अहम माना जा रहा है. बीजेपी के साथ एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं की मौजूदगी भी इस आयोजन को खास बना रही है.
500 यात्री, 10 राज्यों तक पहुंचेगा संदेश
इस विशेष बाइक यात्रा में करीब 500 यात्रियों को शामिल किया गया है. इनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर राज्यों, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना समेत कई राज्यों के यात्री शामिल हैं.
यात्रा उत्तर प्रदेश के 50 जिलों से होकर गुजरेगी. इस दौरान 187 पड़ाव बनाए गए हैं. वहीं देश के अलग-अलग हिस्सों में चलने वाली सेवा यात्राएं 10 राज्यों के 193 जिलों और 1,159 गांवों तक पहुंचेंगी.
गांवों में सेवा और जनसंवाद पर जोर
यात्रा के दौरान बाइक यात्री स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण और लाभार्थियों से संवाद करेंगे. इसके अलावा जनचौपाल भी लगाई जाएगी. इन गतिविधियों के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और सेवाकाल का संदेश गांवों तक पहुंचाया जाएगा.
10 नदियों के जल से होगा जलाभिषेक
बाइक यात्रा शुरू होने से पहले श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष जलाभिषेक किया जाएगा. इसके लिए अलग-अलग नदियों का जल एकत्र किया गया है.
यात्रा के संयोजक जेपीएस राठौर के मुताबिक गंगा, यमुना, आमी, राप्ती, नर्मदा, गोमती, बेतुआ, अलकनंदा, कुआनो, वरुणा और सरयू समेत संगम का पवित्र जल एकत्र किया गया है. इसी जल से महारुद्राभिषेक किया जाएगा. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मौजूद रहेंगे.
हर बूथ पर जलेंगे 200 दीप
बीजेपी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान की तैयारी की है. अभियान का संदेश 'जिसने जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा' रखा गया है. वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक में बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर 200 दीप जलाने का कार्यक्रम भी होगा.
22 दिन चलेगी काशी से वडनगर तक यात्रा
राष्ट्रीय संयोजक और सांसद वीडी शर्मा ने बताया कि काशी से वडनगर तक की यह बाइक यात्रा 22 दिनों की होगी. इसका शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर काशी से किया जाएगा.
यात्रा के जरिए अलग-अलग राज्यों और गांवों तक सेवा, स्वच्छता, वृक्षारोपण और जनसंवाद से जुड़े कार्यक्रम किए जाएंगे. साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों से जुड़ा संदेश भी लोगों तक पहुंचाया जाएगा.
ADVERTISEMENT


