उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई और शव को पेड़ से लटका दिया गया. इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया है और अन्य की तलाश जारी है. विस्तार से जानिए इस खौफनाक वारदात की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
रात 2 बजे घर में थी, सुबह बाग में मिला शव
घटना प्रतापगढ़ के मानिकपुर थाना क्षेत्र की है. मृतक लड़की एक ई-रिक्शा चालक की बेटी थी और उसने हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी. परिजनों के अनुसार, रविवार रात करीब 2:00 बजे तक वह अपने कमरे में सो रही थी. लेकिन सुबह जब घरवाले जागे तो वह गायब थी. काफी तलाश के बाद गांव के एक बाग में उसका शव पेड़ से लटका हुआ मिला.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रेप और गला घोंटने की पुष्टि
सूचना मिलने पर भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल से करीब 20 मीटर की दूरी पर युवती की चप्पलें और अन्य कपड़े बरामद हुए. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई है कि हत्या से पहले लड़की के साथ शारीरिक दुराचार किया गया था और उसकी मौत दम घुटने के कारण हुई.
नाबालिग प्रेमी और उसके दोस्तों पर आरोप
पुलिस की शुरुआती जांच और सर्विलांस के आधार पर यह पता चला है कि लड़की का अपनी ही रिश्तेदारी के एक नाबालिग लड़के के साथ प्रेम संबंध था. पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात लड़की अपने पिता का फोन इस्तेमाल कर रही थी और वह बाग में उस लड़के से मिलने गई थी. आरोप है कि वहां उस नाबालिग लड़के और उसके दोस्तों ने मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मुख्य आरोपी यानी नाबालिग प्रेमी को हिरासत में ले लिया है और उसे बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं और जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा.
गरीब परिवार की आंखों का तारा थी बेटी
मृतक लड़की के परिवार में माता-पिता के अलावा छह बहनें और चार भाई हैं. वह पांचवें नंबर की बेटी थी. ई-रिक्शा चलाकर परिवार पालने वाले पिता के लिए यह एक गहरा सदमा है. बेटी की आंखों में भविष्य को लेकर कई सपने थे, जो इस दरिंदगी की भेंट चढ़ गए.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


