सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव के अचानक मौत के मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पोस्टमार्टम में प्रतीक यादव के शरीर पर किसी प्रकार के चोट का निशान नहीं मिला है. इसके अलावा प्रतीक यादव का विसरा और हार्ट सुरक्षित रखा गया है. कहा जा रहा है कि जांच एजेंसियां मेडिकल एंगल और स्वास्थ्य संबंधी परिस्थितियों को ज्यादा गंभीरता से देख रही है. इसके अलावा अब मामले में फॉरेंसिक टीम ने भी जांच शुरू कर दी है. विस्तार से जानिए पूरी बात.
ADVERTISEMENT
दोबारा हो सकती है जांच
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले कुछ समय में प्रतीक यादव का वजन अचानक बढ़ गया था. ऐसी स्थिति में अगर हार्ट अटैक का एंगल सामने आता है तो हार्ट की दोबारा जांच की जा सकती है. हालांकि अभी तक किसी परिवार या अस्पताल से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
डीसीपी पहुंचे अपर्णा यादव के घर
इसी बीच मामले को गंभीर होता देख डीसीपी लेवल के अधिकारी अपर्णा यादव के घर पहुंचे और वहां मौजूद लोगों से स्थिति का जायजा ले रहे है. बताया जा रहा है कि फॉरेंसिक टीम ने प्रतीक यादव का मोबाइल अपने पास रख लिया है ताकि आखिरी समय में हुई गतिविधियों का पता चल सकें. वहीं यह बात भी सामने आ रही है कि पुलिस अधिकारी अपर्णा यादव को यह फोन सौंपेंगे.
अपर्णा यादव पहुंची अपने घर
इसी बीच अपर्णा यादव भी अपने घर पहुंच चुकी है और उनके लिए यह काफी दुख की स्थिति है. अपर्णा के घर पहुंचने से पहले ही लोगों का वहां जमावड़ा लगा हुआ है. कहा जा रहा है कि अपर्णा यादव के घर पहुंचने के बाद प्रतीक के अंतिम संस्कार की सारी विधि शुरू होगी.
किचन में गिरे थे प्रतीक- दोस्त का दावा
इधर प्रतीक यादव और अपर्णा यादव परिवार के करीबी बिजनेसमैन मुकेश बहादुर ने बड़ा बयान दिया है. वह सुबह से ही अपर्णा के मुंह बोले भाई अमन बिष्ट के साथ मौजूद है. उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह अचानक प्रतीक की तबीयत बिगड़ी और वह किचन में बेसुध होकर गिर पड़े. इसके बाद ही उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
ADVERTISEMENT


