प्रयागराज में SSC GD परीक्षा के दौरान हंगामा… सर्वर डाउन होते ही भड़के अभ्यर्थी, कॉलेज परिसर में जमकर किया बवाल

SSC GD Prayagraj Exam Server Down: प्रयागराज में SSC GD भर्ती परीक्षा के दौरान सर्वर फेल होने पर अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा. नाराज छात्रों ने परीक्षा केंद्र में कंप्यूटर और फर्नीचर तोड़ दिए, जबकि कई अभ्यर्थियों ने प्रयागराज-वाराणसी हाईवे जाम कर जमकर प्रदर्शन किया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और परीक्षा फिलहाल रद्द कर दी गई है.

प्रयागराज में SSC GD परीक्षा के दौरान भारी बवाल
प्रयागराज में SSC GD परीक्षा के दौरान भारी बवाल

आनंद राज

follow google news

Prayagraj SSC GD Exam Protest: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले SSC GD भर्ती एग्जाम के दौरान भारी बवाल हो गया. यहां के गंगापार इलाके में स्थित सरायइनायत अंदावा के सीता सिंह महाविद्यालय आयोजित की जा रही भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन पहली शिफ्ट में अचानक कंप्यूटर सर्वर फेल हो गया. सर्वर डाउन होने की वजह से परीक्षा नहीं हो सकी. इससे गुस्साए अभ्यर्थियों ने कॉलेज परिसर में जमकर हंगामा और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. बता दें इससे पहले दिन की परीक्षा में भी हंगामा देखने को मिला था और अब दूसरे दिन भी फिर से यही समस्या सामने आ गई.

Read more!

मिली जानकारी के अनुसार, परीक्षा के दूसरे दिन तीन शिफ्टों में परीक्षा होनी थी. पहली शिफ्ट का समय सुबह 10 बजे से 11 बजे तक तय था. इस शिफ्ट के लिए करीब 600 अभ्यर्थी नामांकित थे जिनमें से लगभग 450 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे थे.परीक्षा जैसे ही शुरू हुई तो कंप्यूटर का सर्वर डाउन हो गया. इससे अभ्यर्थियों की परेशानी बढ़ गई और नाराज छात्रों ने क्लास रूम के अंदर रखे कंप्यूटर और फर्नीचर में तोड़फोड़ शुरू कर दी.

प्रयागराज वाराणसी राजमार्ग पर चक्काजाम

कॉलेज के अंदर हंगामा होती ही मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई. कुछ प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी प्रयागराज वाराणसी राजमार्ग पर पहुंच गए और वहां सड़क को जाम कर दिया. छात्रों ने सड़क पर खड़े होकर जमकर नारेबाजी की जिससे इस प्रमुख मार्ग पर वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए पूरी तरह प्रभावित हो गई.

पुलिस ने छात्रों को समझाकर कराया शांत

हाइवे जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही सरायइनायत थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को समझाया कर शांत कराया. इसके बाद अभ्यर्थियों को वापस विद्यालय परिसर के अंदर लौटने के लिए कहा गया तब जाकर सड़क से जाम हटा और विरोध प्रदर्शन समाप्त हुआ.

पुलिस से मिली शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार छात्रों के इस हंगामे में कई कंप्यूटरों और क्लासरूम के फर्नीचर को भारी नुकसान पहुंचा है. पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जिन लोगों ने कॉलेज के अंदर तोड़फोड़ की है उनकी पहचान की जा रही. इसके बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही तकनीकी टीम को बुलाकर सर्वर की समस्या की जांच कराई जा रही है.

नुकसान का किया जा रहा आकलन

वहीं महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस हंगामे में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है. इसकी एक रिपोर्ट शिक्षा विभाग और संबंधित परीक्षा प्राधिकरण को भेजी जाएगी. प्रशासन ने प्रभावित अभ्यर्थियों से शांति बनाए रखने की अपील की है. साथ ही छात्रों को भरोसा दिलाया है कि इस रद्द हुई परीक्षा की नई तारीख बहुत जल्द घोषित की जाएगी.

अभ्यर्थियों से शांतिपूर्वक परीक्षा देने की अपील

इस पूरे मामले पर अधिकारी आशीष कुमार श्रीवास्तव ने परीक्षार्थियों से संयम से काम लेने का अनुरोध किया है. उन्होंने कहा कि परीक्षा में कई बार तकनीकी समस्याएं आ जाती हैं. अगर किसी परीक्षार्थी के पास 60 मिनट का समय है तो उसे पूरा समय दिया जाता है. उन्होंने आगे आने वाले दिनों में परीक्षा देने वाले सभी अभ्यर्थियों से शांतिपूर्वक परीक्षा देने की अपील की है.

सेंटर की परीक्षा रद्द

अधिकारी ने साफ किया है कि फिलहाल उस परीक्षा केंद्र की परीक्षा को रद्द कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि हम पूरी व्यवस्था को दुरुस्त कर रहे हैं ताकि आगे की परीक्षा शांतिपूर्वक पूरी कराई जा सके. भविष्य में इन सभी प्रभावित अभ्यर्थियों को सूचित किया जाएगा कि उन्हें कब दोबारा आकर परीक्षा देनी है और उनके लिए नया परीक्षा केंद्र कौन सा होगा.

यह भी पढ़ें: SSC GD Exam Cancelled: प्रयागराज में एग्जान सेंटर्स पर छात्रों का भारी हंगामा, तय सीटों से दोगुने अभ्यर्थी बुलाने पर भड़का गुस्सा, जानें पूरा मामला

    follow google news