Prayagraj Student Protest: उत्तर प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों का सबसे बड़ा हब कहे जाने वाले प्रयागराज में एक बार फिर बड़े आंदोलन की आहट सुनाई दे रही है. सूबे में हाल ही में आयोजित हुई पुलिस दरोगा भर्ती (UPSI), लेखपाल भर्ती और एसएससी जीडी (SSC GD) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, भ्रष्टाचार और धांधली के खिलाफ छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा है. प्रयागराज में लामबंद हुए सैकड़ों प्रतियोगी छात्रों ने एक अहम बैठक की, जिसमें सरकारी तंत्र और परीक्षा कराने वाले आयोगों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए गए.
ADVERTISEMENT
29 मई को प्रयागराज की सड़कों पर उतरेगा छात्रों का हुजूम
इस बैठक के बाद छात्र नेता आशुतोष पांडे समेत कई प्रमुख छात्र प्रतिनिधियों ने साझा तौर पर एक बड़ा ऐलान किया है. छात्रों ने सरकार और आयोगों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने के लिए आगामी 29 मई को शाम 6:00 बजे प्रयागराज के मनमोहन पार्क, कटरा चौराहे पर इकट्ठा होने का आह्वान किया है. यहां से छात्र बड़ी संख्या में हाथों में मोमबत्तियां लेकर सुभाष चौराहे तक एक विशाल कैंडल मार्च निकालेंगे. छात्र नेताओं ने साफ चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी जायज मांगों को अनसुना किया, तो इस कैंडल मार्च के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में एक उग्र और व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा.
जानिए क्या हैं छात्रों की प्रमुख मांगें?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और एक्स (ट्विटर) पर छात्रों द्वारा शेयर किए जा रहे वीडियो और पोस्ट के जरिए मुख्य रूप से निम्नलिखित मांगें उठाई जा रही हैं:
1. UP ट्रिपल एससी लेखपाल भर्ती: इस पूरी परीक्षा में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए इसे रद्द कर दोबारा परीक्षा (Re-Exam) कराई जाए.
2. यूपी पुलिस दरोगा भर्ती (UPSI): रिटन एग्जाम का रिजल्ट जारी होने के बाद कट-ऑफ को लेकर काफी चर्चा है, छात्र मांग कर रहे हैं कि भर्ती बोर्ड तुरंत अभ्यर्थियों का 'स्कोर कार्ड' सार्वजनिक करे.
3. एसएससी जीडी (SSC GD): परीक्षा के दौरान कई सेंटर्स पर सर्वर डाउन होने और एक ही शिफ्ट में तय क्षमता से दोगुने छात्रों को बुलाने जैसी अव्यवस्थाओं के कारण रद्द हुए शिफ्टों का दोबारा पारदर्शी तरीके से एग्जाम हो.
4. UP ट्रिपल एससी वेटिंग लिस्ट: परीक्षाओं के बाद खाली रहने वाले पदों को भरने के लिए अनिवार्य रूप से वेटिंग लिस्ट जारी की जाए.
5. नकल माफियाओं पर कार्रवाई: पेपर लीक और परीक्षा में धांधली करने वाले पूरे गिरोह और शिक्षा माफियाओं को जेल भेजा जाए.
छात्र नेताओं ने अपनाए तीखे तेवर अपना
बैठक के दौरान छात्रों को संबोधित करते हुए नेताओं ने तीखे तेवर अपनाए. उन्होंने कहा, "प्रयागराज की सब्जी मंडी में जितनी संख्या में छात्र रोज सब्जी लेने आते हैं, अगर उसके आधे छात्र भी अपने हक और न्याय के लिए 29 मई को सड़क पर उतर आए तो सोई हुई सरकार की आंख और कान दोनों खुल जाएंगे." छात्रों का आरोप है कि परीक्षा एजेंसियां निष्पक्षता का दावा तो करती हैं, लेकिन धरातल पर छात्रों का उत्पीड़न हो रहा है. फिलहाल, 29 मई को होने वाले इस कैंडल मार्च को लेकर पूरे प्रयागराज और सोशल मीडिया पर माहौल गरमा गया है.
ADVERTISEMENT


