Vrindavan Deepak Lodhi Death Case: वृंदावन के प्रसिद्ध कथावाचक प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण की पोस्टमार्टम रिपोट सामने आ गई है. इसमें उनकी मौत को लेकर चौंकाने वाली बात सामने आई है. रिपार्ट में मौत का कारण अत्यधिक ब्लीडिंग को बताया गया है. आपको बाद दें कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे बाराह घाट मार्ग पर स्थित गुरु कृपा कुंज आश्रम की ऊपरी मंजिल से अचानक नीचे गिरने से दीपक की मौत हो गई थी. घटना की जानकारी सामने आते ही इलाके में खलबली मच गई.
ADVERTISEMENT
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची. वृंदावन के क्षेत्राधिकारी (सीओ) संदीप कुमार सिंह ने बताया कि आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है. शुरुआती जांच-पड़ताल और फुटेज को देखने से यह मामला पहली नजर में आत्महत्या का ही प्रतीत होता है. हालांकि, मृतक के परिवारवालों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है.ऐसे में पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या निकला?
पुलिस अधिकारी संदीप कुमार सिंह ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के हवाले से बताया कि दीपक की जान शरीर से अत्यधिक ब्लीडिंग होने की वजह से गई है. हालांकि, इतना अधिक खून किस कारण बहा, इसका सटीक आकलन विशेषज्ञों की रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा. छत से नीचे जमीन पर जोरदार तरीके से गिरने की वजह से भी शरीर पर काफी गंभीर चोटें आई थीं, जो अत्यधिक रक्तस्राव की बड़ी वजह हो सकती हैं.
कमरे की तलाशी में मिला ग्राइंडर
जांच अधिकारी ने एक और चौंकाने वाली जानकारी दी है. पुलिस ने जब उस कमरे की तलाशी ली जहां दीपक रहता था, तो वहां से एक ग्राइंडर मशीन बरामद हुई. इसके अतिरिक्त, मृतक के गुप्तांगों पर कटने और चोट के स्पष्ट साक्ष्य भी पाए गए हैं. सीओ के मुताबिक, यह स्थिति कैसे बनी और इसके पीछे क्या वजह थी, यह जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा. फिलहाल, धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार दीपक का अंतिम संस्कार वृंदावन में कर दिया गया है.
साल 2024 से परिवार से दूरी
दीपक के इस कदम के बाद उनके बहनोई सोनू पटेल ने कई बातें बताई हैं. उन्होंने बताया कि दीपक साल 2024 में प्रेमानंद महाराज के आश्रम से जुड़ा था. दीक्षा लेने के बाद से ही उसका अपने परिवार से संपर्क लगभग टूट गया था. परिजनों का आरोप है कि जब भी वे मिलने जाते थे, आश्रम के लोग उन्हें बाहर ही दो-दो घंटे तक बैठाकर रखते थे और मिलने नहीं देते थे. दीपक अपने पास फोन भी नहीं रखता था, जिससे घरवाले उसकी खैरियत तक नहीं जान पाते थे.
फॉरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य
घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दीपक जमीन पर गिरता साफ नजर आ रहा है. गिरने के कारण उसके शरीर में कई जगह फ्रैक्चर और चोटें आई हैं. मथुरा पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है . फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रहे हैं ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके.
यह भी पढ़ें: वृंदावन: प्रेमानंद महाराज के शिष्य की संदिग्ध मौत, अब सामने आया CCTV वीडियो, आखिर क्या हुआ था उस समय?
ADVERTISEMENT


