Premanand Maharaj disciple Rasik Dulari Sharan death: वृंदावन के प्रसिद्ध राधा केली कुंज आश्रम से जुड़े साधक रसिक दुलारी शरण (दीपक लोधी) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मचा हुआ है. बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह आश्रम की चौथी मंजिल से नीचे गिरने के बाद साधक की मौत हो गई थी. अब इस पूरी घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आया है, जिसने इस पूरे मामले को और उलझा दिया है. फुटेज में साधक चौथी मंजिल से नीचे गिरता हुआ नजर आ रहा है, लेकिन उसने खुद छलांग लगाई या उसे किसी ने धक्का दिया, फिलहाल ये स्पष्ट नहीं हो सका है.
ADVERTISEMENT
चौथी मंजिल से गिरा साधक, अस्पताल में तोड़ा दम
मृतक साधक की पहचान मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण के रूप में हुई है. वह करीब दो साल पहले वृंदावन आया था और उसने संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी. शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे साधक आश्रम की चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गया. सिर और शरीर में गंभीर चोटें आने के कारण आश्रम से जुड़े लोग उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
परिजनों ने आश्रम प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप
घटना की जानकारी मिलने के बाद जबलपुर से साधक के परिजन वृंदावन पहुंचे. परिजनों ने आश्रम प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. साधक के साले सोनू पटेल ने आरोप लगाया कि दीक्षा लेने के बाद से परिजनों को दीपक से मिलने नहीं दिया जा रहा था. जब भी वे मिलने आते थे तो उन्हें टाल दिया जाता था. परिजनों का कहना है कि जब वे सूचना मिलने के बाद वृंदावन पहुंचे, तब भी आश्रम की तरफ से किसी ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी और न ही परिजनों से कोई संवेदना व्यक्त की.
फॉरेंसिक टीम और पुलिस जांच में जुटी
उधर, सूचना मिलते ही थाना वृंदावन पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में यह खुद से उठाया गया खौफनाक कदम लग रहा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी कोणों से मामले की बारीकी से जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य की संदिग्ध मौत
ADVERTISEMENT


