Purvanchal Expressway Accident: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक ऐसा खौफनाक और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं. देश की रक्षा में तैनात देवरिया के शहीद सूबेदार का पार्थिव शरीर लेकर उनके गांव जा रही एंबुलेंस की अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई. इस भीषण हादसे में एंबुलेंस सवार शहीद के बेटे, भाई, भतीजे और चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई.
ADVERTISEMENT
चंडीगढ़ से देवरिया जा रहा था पार्थिव शरीर
जानकारी के मुताबिक, देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र स्थित गलिया दुधौला गांव के रहने वाले सूबेदार मेजर सत्यवान चंडीगढ़ में सेना में तैनात थे, जहां उनका निधन हो गया था. सेना के बक्से में रखे उनके पार्थिव शरीर को एंबुलेंस के जरिए उनके परिजन और चालक चंडीगढ़ से देवरिया स्थित पैतृक निवास लेकर जा रहे थे.
अज्ञात वाहन से टकराई एंबुलेंस
रविवार सुबह लगभग जब एंबुलेंस सुल्तानपुर जिले के हलियापुर थाना क्षेत्र स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 79.6 माइलस्टोन (किमी पॉइंट) के पास पहुंची, तभी किसी अज्ञात वाहन ने एंबुलेंस को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि एंबुलेंस अनियंत्रित होकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
हादसे में शहीद सूबेदार के बेटे गौरव सिंह और चालक जसपाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं गंभीर रूप से घायल हुए शहीद के भाई राजन चौधरी और भतीजे रामसमुझ सिंह को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने भी दम तोड़ दिया.
पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) विनीत जायसवाल और जिलाधिकारी (DM) समेत आला अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. एंबुलेंस सवार
सभी 4 लोगों की मौत हो चुकी है.
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान के पार्थिव शरीर को स्थानीय थाने के प्रांगण में ससम्मान सुरक्षित रखवाया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. पुलिस मामले में अज्ञात वाहन की तलाश और आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है.
यह भी पढ़ें: 'बात सीट की नहीं, जीत की...', यूपी में सीट शेयरिंग के विवाद के बीच अखिलेश यादव की सहयोगियों को दो टूक
ADVERTISEMENT


