'सभी को जवाब दिया जाएगा...कृपया थोड़ा धैर्य बनाकर रखें', चंद्रनाथ मर्डर केस में रिहा होने के बाद बलिया के राज सिंह का वीडियो वायरल!

Raj Singh Viral Video: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ मर्डर केस में गलत गिरफ्तारी के बाद रिहा हुए बलिया के राज सिंह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. 21 सेकेंड के वीडियो में राज सिंह ने कहा, 'सभी को जवाब दिया जाएगा, थोड़ा धैर्य रखें.' विस्तार से जानिए पूरी कहानी.

Raj Singh Viral Video
Raj Singh Viral Video

संतोष शर्मा

follow google news

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी के करीबी और PA चंद्रनाथ रथ मर्डर केस में पुलिस-प्रशासन की बड़ी चूक सामने आई है. पुलिस ने नाम में हुई गलतफहमी के कारण जिस बलिया के राज सिंह को गिरफ्तार किया था, उसका इस मामले से कोई लेना-देना ही नहीं है. जैसे ही प्रशासन को यह बात पता चली तो उन्होंने राज सिंह को रिहा कर दिया. लेकिन अब राज सिंह का एक 21 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह धमकाते हुए कह रहा है कि, 'सभी को जवाब दिए जाएंगे...थोड़ा धैर्य बनाकर रखिए.' विस्तार से जानिए पूरी कहानी.

Read more!

21 सेकेंड के वीडियो में क्या कुछ?

बताया जा रहा है कि राज सिंह ने खुद अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर वीडियो डाली थी, जो कि अब वायरल हो रहा है. 21 सेकेंड के इस वीडियो में राज सिंह दिखाई दे रहा है और वह धमकाते हुए कह रहा है कि, 

'जय श्रीराम बहुत. जल्द ही सबको सभी का जवाब दिया जाएगा, कृपया थोड़ा धैर्य बनाकर रखें. और मीडिया...जवाब देने आ रहे हैं कुछ दिन का इंतजार कीजिए...'

अयोध्या में जाल बिछाकर की गई थी गिरफ्तारी

चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ एक्शन करते हुए बिहार के बक्सर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था. इन्हीं दोनों ने पूछताछ के दौरान राज सिंह का नाम बताया था, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. जैसे ही पुलिस को पता चला की राज सिंह लखनऊ से वापस आ रहा है तो उन्होंने जाल बिछाया और 11 मई को अयोध्या से उसे गिरफ्तार कर लिया. फिर राज सिंह को बंगाल लाया गया और आगे की पूछताछ की गई.

ऐसे खुला पूरा मामला

इस मामले की परत तब खुली जब दो दिन पहले चौथे आरोपी राजकुमार सिंह की गिरफ्तारी हुई. राजकुमार सिंह भी बलिया का ही रहने वाला है. CBI ने उसे मुजफ्फरनगर के छपार टोला के पास से गिरफ्तार किया और पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि 11 मई को पकड़ा गया राज सिंह निर्दोष है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपियों के नाम में समानता होने की वजह से यह चूक हुई, हालांकि इसकी जानकारी मिलते ही उसे रिहा कर दिया गया. अब CBI राजकुमार सिंह से पूछताछ कर रही है और मामले में उसकी पूरी भूमिका जांच कर रही है.

चंद्रनाथ रथ की हत्या की पूरी कहानी

दरअसल, 6 मई की देर शाम को पश्चिम बंगाल के मध्यग्राम इलाके में सुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या कर उस वक्त कर दी गई थी, जब वह अपने घर लौट रहे थे. मिली जानकारी के मुताबिक, अपराधियों ने पहले उनकी गाड़ी का पीछा किया और जैसे ही मौका मिला, उनपर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी. इस हादसे के बाद चंद्रनाथ रथ को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया.

चंद्रनाथ मर्डर केस में पुलिस से हो गई बड़ी चूक! मामले में गिरफ्तार बलिया के आरोपी राज सिंह को लेकर आई ये जानकारी

    follow google news