भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे और उत्तर प्रदेश का मान बढ़ाने वाले बल्लेबाज रिंकू सिंह के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. दरअसल सीएम योगी आदित्यनाथ आज रिंकू सिंह समेत प्रदेश के 14 दिग्गज खिलाड़ियों को सम्मानित करने जा रहे हैं. इस सम्मान के साथ ही रिंकू सिंह को उत्तर प्रदेश सरकार में रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर (RSO) के पद पर तैनाती दी जाएगी.
ADVERTISEMENT
क्या है RSO का पद और क्या होंगी जिम्मेदारियां?
रिंकू सिंह को ऑफर किया गया 'आरएसओ' (Regional Sports Officer) का पद एक राजपत्रित अधिकारी (Gazetted Officer) का पद है, जो ग्रुप-बी श्रेणी में आता है. इस पद पर रहते हुए रिंकू सिंह के कंधों पर अपने मंडल या रीजन की खेल गतिविधियों के संचालन की जिम्मेदारी होगी. उनके मुख्य कार्यों में शामिल होंगे:
- अपने क्षेत्र में खेल टूर्नामेंट और प्रशिक्षण कैंप आयोजित कराना.
- खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और कोचों के कामकाज की देखरेख करना.
- सरकार की खेल योजनाओं (जैसे छात्रवृत्ति और प्रतिभा खोज) को लागू करना.
- खेल स्टेडियम, हॉस्टल और अन्य सुविधाओं का प्रबंधन करना.
- नई खेल प्रतिभाओं को ढूंढना और उन्हें आगे बढ़ाना.
सैलरी और मिलने वाली सुविधाएं
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर का वेतनमान लगभग 50,000 रुपये से लेकर 1.5 लाख रुपये के बीच होता है. इसके अलावा, उन्हें सरकारी आवास (या एचआरए), टीए-डीए (यात्रा भत्ता), मेडिकल सुविधाएं और सरकारी वाहन जैसी तमाम सुविधाएं भी मिलती हैं. भविष्य में प्रमोशन पाकर वे डिप्टी डायरेक्टर या जॉइंट डायरेक्टर स्पोर्ट्स के पद तक भी पहुंच सकते हैं.
इन खिलाड़ियों को भी मिलेगी नौकरी
सिर्फ रिंकू सिंह ही नहीं, योगी सरकार ने मेडल जीतकर यूपी का नाम रोशन करने वाले अन्य खिलाड़ियों को भी बड़ी सौगात दी है:
- राजकुमार पाल (हॉकी): यूपी पुलिस में डिप्टी एसपी बनेंगे.
- प्रवीण कुमार (पैरा ओलंपिक गोल्ड): इन्हें भी डिप्टी एसपी बनाया जाएगा.
- अजीत सिंह (पैरा ओलंपिक सिल्वर): जिला पंचायती राज अधिकारी (DPRO) की जिम्मेदारी संभालेंगे.
- सिमरन और प्रतिपाल: इन्हें भी क्रमशः जिला पंचायत राज अधिकारी और खंड विकास अधिकारी (BDO) के पद पर तैनात किया जाएगा.
मुख्यमंत्री आज कुल 9 खिलाड़ियों को लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई अवार्ड से भी नवाजेंगे. रिंकू सिंह को यह पद ऑफर किए जाने के बाद खेल जगत और उनके प्रशंसकों में खुशी की लहर है.
ADVERTISEMENT


