उत्तर प्रदेश के स्टार क्रिकेटर रिंकू सिंह को योगी सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर (RSO) नियुक्त किया है. लखनऊ में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे, लेकिन इस खास मौके पर रिंकू सिंह की अनुपस्थिति ने सियासी और खेल गलियारों में चर्चाएं तेज कर दीं. अब रिंकू सिंह ने इस मामले में अपनी चुप्पी तोड़ी है और पूरी बात बताई है. विस्तार से जानिए मामले की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
चर्चाओं के बीच रिंकू सिंह का वायरल बयान
रिंकू सिंह के कार्यक्रम में न पहुंचने पर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन जल्द ही क्रिकेटर ने एक वीडियो जारी कर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी. रिंकू सिंह ने कहा, 'मुझे रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर नियुक्त करने के लिए मैं उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं. आईपीएल टीम केकेआर (KKR) के साथ व्यस्त होने के कारण मैं समारोह में उपस्थित नहीं हो सका.' उन्होंने आगे कहा कि वह जल्द ही अपना जॉइनिंग लेटर प्राप्त करेंगे और मुख्यमंत्री का आशीर्वाद लेने लखनऊ आएंगे.
क्या है रिंकू सिंह की नई जिम्मेदारी और सुविधाएं?
रिंकू सिंह को दिया गया 'रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर' का पद एक ग्रुप-बी राजपत्रित (Gazetted) पद है, जो खेल विभाग में एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मानी जाती है. इस भूमिका में रिंकू सिंह को मंडल स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का सफल संचालन करना होगा और उभरते हुए खिलाड़ियों के लिए कोचिंग व ट्रेनिंग प्रोग्राम्स तैयार करने होंगे. प्रशासनिक दृष्टि से भी उनके पास खेल स्टेडियमों के बजट और सरकारी नीतियों को जमीनी स्तर पर लागू करने का अधिकार होगा.
इस पद के लिए उन्हें ₹60,000 से ₹1,00,000 के बीच मासिक वेतन के साथ-साथ हाउस रेंट अलाउंस (HRA), मेडिकल और यात्रा भत्ता जैसी तमाम सरकारी सुविधाएं भी मिलेंगी. भविष्य में रिंकू सिंह के पास खेल विभाग में डिप्टी डायरेक्टर या जॉइंट डायरेक्टर बनने का भी मौका होगा.
सियासी गलियारों में क्यों है हलचल?
रिंकू सिंह की चर्चा न केवल उनके खेल बल्कि उनके निजी जीवन को लेकर भी है. वह समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज के मंगेतर हैं और पूर्वांचल के एक बड़े राजनीतिक परिवार से जुड़ चुके हैं. ऐसे में सपा सांसद के मंगेतर द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खुलेआम तारीफ करने और उनका 'आर्शीवाद' लेने की बात कहने को लेकर राजनीतिक पंडित अपने-अपने मायने निकाल रहे हैं. रिंकू सिंह ने एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन के लिए सरकार द्वारा दिए गए 3 करोड़ रुपये के सम्मान के लिए भी मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया है.
ADVERTISEMENT


