सहारनपुर: शादी के कार्ड पर दूल्हों के नाम देखकर शुरू हुआ विवाद, फिर पुलिस की निगरानी में हुआ दो बहनों का निकाह

Saharanpur Wedding Card Controversy: शादी के कार्ड पर अजीब नाम छपे देखकर हर कोई हैरान रह गया. सोशल मीडिया पर कार्ड वायरल होने के बाद हंगामा मच गया और निकाह रुकवाने की धमकियां मिलने लगीं. तनाव के बीच पुलिस की भारी सुरक्षा में आखिरकार दोनों बहनों का निकाह शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हो गया.

शादी के कार्ड पर हिंदू नाम छपे देखकर मचा बवाल
शादी के कार्ड पर हिंदू नाम छपे देखकर मचा बवाल
Google CTA

Saharanpur Wedding Card Controversy: जिंदगी में शादी का मौका हर परिवार के लिए खुशियों भरा होता है. इस खास मौके पर दोनों परिवार अपने रिश्तेदारों और परिचितों को न्योता देने के लिए शादी के कार्ड छपवाते हैं. उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में दो मुस्लिम बहनों की शादी के लिए भी ऐसा ही एक कार्ड छपवाया गया था. लेकिन किसी ने इस कार्ड को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया.  यहां कार्ड पर दूल्हों के नाम जिसने भी पढ़ा वो सोच में पड़ गया. देखते ही देखते यह कार्ड वायरल हो गया और दूल्हाें के नामों को लेकर विवाद शुरू हो गया. कुछ लोगों ने इन नामों पर आपत्ति जतानी शुरू कर दी. आरोप है कि मामला इतना बढ़ा कि निकाह में बाधा डालने की धमकियां तक दी गईं. आखिरकार पुलिस की निगरानी में दोनों बहनों का निकाह शांतिपूर्वक संपन्न हुआ. क्या है पूरा मामला चलिए जानते हैं.

Read more!

शादी के कार्ड पर नाम देखकर शुरू हुआ विवाद

दरअसल, यह मामला सहारनपुर के गंगोह इलाके के मोहल्ला अनारकली का है. यहां रहने वाली दो सगी बहनों का निकाह 12 नवंबर को होना तय था. शादी के कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल हुए तो उन पर दूल्हों के नाम अनिल और संजय लिखे देखकर विवाद शुरू हो गया. दोनों युवक मुस्लिम परिवार से ताल्लुक रखते हैं, लेकिन उनके नाम हिंदू परंपरा के अनुसार रखे गए हैं. आरोप है कि कुछ लोगों ने इस बात को लेकर आपत्ति जताई और निकाह में बाधा डालने की धमकी दी.

गार्डन की बुकिंग रद्द कराने का बनाया दबाव

आरोप है कि कुछ लोगों ने बरातघर के संचालक को फोन करके बुकिंग रद्द करने का दबाव बनाया. साथ ही निकाह में परेशानी खड़ी करने की धमकी भी दी गई. इस मामले में कथित तौर पर हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के जिलाध्यक्ष रोहित प्रधान के नाम का भी उल्लेख किया गया. इसके बाद लड़की पक्ष ने गंगोह कोतवाली में दो लोगों के खिलाफ शिकायत दी और कार्रवाई की मांग की.

दूल्हों के परिवार ने बताई हिंदू नाम रखने की वजह

दूल्हों के परिजनों ने बताया कि उनके परिवार में बच्चों के हिंदू नाम रखने की परंपरा 1947 के विभाजन के समय से चली आ रही है. उनका कहना है कि उस दौर में गांव के हिंदू परिवारों ने उनके पूर्वजों की जान बचाने के लिए उन्हें अपनी पहचान छिपाकर हिंदू बताया था. परिजनों के मुताबिक, इसी भाईचारे और मदद की याद में परिवार ने बच्चों के हिंदू नाम रखने की परंपरा शुरू की थी. यह परंपरा आज भी उनके परिवार में जारी है.

पुलिस की निगरानी में पहुंची बारात, फिर हुआ निकाह

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने निकाह समारोह के दौरान सुरक्षा के इंतजाम किए थे. गुरुवार को हरियाणा के हिसार जिले के छोटी सातरोड निवासी अनिल और जींद जिले के ढांडाखेड़ी निवासी संजय बारात लेकर गंगोह पहुंचे. दोनों दूल्हे आपस में मौसेरे भाई हैं.

बारात पहुंचने पर लड़की पक्ष के लोगों ने उनका स्वागत किया. इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में निकाह की रस्में शुरू हुईं. दोनों बहनों का निकाह शांतिपूर्वक संपन्न हो गया. इस दौरान मौके पर किसी ने विरोध नहीं किया. रस्में पूरी होने के बाद मेहमानों को छुआरे भी बांटे गए.

पुलिस ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

सीओ शैलेंद्र प्रताप गौतम के मुताबिक, पुलिस पूरे मामले पर नजर रखे हुए थी. सुरक्षा को देखते हुए बरातघर में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी. उन्होंने बताया कि निकाह के दौरान किसी ने विरोध नहीं किया और सभी रस्में शांतिपूर्वक पूरी हो गईं. पुलिस ने साफ किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या समारोह में बाधा डालने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: बुलंदशहर: 3 बच्चों की मां को 13 साल छोटे युवक से हुआ प्यार, फिर थाने में पति ने दे दी साथ रहने की इजाजत