Salman Khan Tweet on Student Protest: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान सोशल मीडिया पर अपने लगातार दो बयानों को लेकर जबरदस्त चर्चा में हैं. छात्र आंदोलन और पेपर लीक के मुद्दे पर सलमान खान के दो अलग-अलग पोस्ट्स ने नया मोड़ ला दिया है. पहले दिन जहां उन्होंने प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साहस और संघर्ष की सराहना की थी, वहीं दूसरे ही दिन उन्होंने छात्रों से आंदोलन खत्म कर घर लौटने और पर्यावरणविद सोनम वांगचुक से अनशन समाप्त करने की अपील कर दी.
ADVERTISEMENT
एक ही दिन के भीतर सलमान खान के रुख में आए इस बदलाव को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं.
पहले पोस्ट में की छात्रों की तारीफ और समर्थन. बुधवार को सलमान खान ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर एक विस्तृत पोस्ट साझा किया था. इसमें उन्होंने देश भर में पेपर लीक के खिलाफ विरोध दर्ज करा रहे छात्रों का खुलकर समर्थन किया.
सलमान खान ने छात्रों के आंदोलन को अनुशासित और साहसी बताया. उन्होंने कहा कि भारत को एक बड़ा 'एजुकेशन हब' बनना चाहिए, जिससे विदेशी छात्र भी यहां पढ़ने आएं. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि छात्रों के इस प्रयास को किसी राजनीतिक रंग में न रंगा जाए. उनके इस पोस्ट की सोशल मीडिया पर काफी सराहना हुई और लोगों ने माना कि सलमान छात्रों की जायज मांगों के साथ खड़े हैं.
अगले ही दिन बदला अंदाज
हालांकि, समर्थन का यह रुख ज्यादा समय तक नहीं टिका. गुरुवार को सलमान खान ने अपनी एक तस्वीर के साथ दूसरा पोस्ट साझा किया, जिसमें उनका संदेश पूरी तरह बदला नजर आया. दूसरे पोस्ट में सलमान खान ने लिखा, माननीय प्रधानमंत्री ने इस मुद्दे पर ट्वीट किया है और उन्हें पूरा विश्वास है कि पेपर लीक के दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने छात्रों और उनके माता-पिता को आश्वस्त करते हुए आंदोलन समाप्त कर सुरक्षित घर लौटने की सलाह दी.
इतना ही नहीं उन्होंने आंदोलन का नेतृत्व कर रहे सोनम वांगचुक से अपील करते हुए लिखा कि "सोनम बस हो गया, इसे और आगे मत बढ़ाओ. कुछ खा-पी लो, अगर चाहो तो मैं घर से खाना भेज दूंगा."
सोशल मीडिया पर दो हिस्सों में बंटे लोग
24 घंटे के भीतर सलमान खान के बदले सुर के बाद सोशल मीडिया यूजर्स दो पक्षों में बंट गए हैं. पहला पक्ष का मानना है कि प्रधानमंत्री के आश्वासन के बाद सलमान खान ने एक जिम्मेदार नागरिक की तरह शांति बनाए रखने और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अपील की है. वहीं दूसरा पक्ष ये सवाल उठा रहा है कि आखिर 24 घंटे में ऐसा क्या बदल गया कि पहले दिन जिस आंदोलन को वह सही बता रहे थे, दूसरे ही दिन उसे खत्म करने की सलाह देने लगे. फिलहाल सलमान खान की तरफ से इस रुख-बदलाव पर कोई अलग से सफाई नहीं आई है.
ये भी पढ़ें: त्रिपुरा DGP अनुराग धनखड़ का पैतृक गांव बागपत में अंतिम संस्कार, मुख्यालय में मिला था शव; शोक में डूबा परिवार
ADVERTISEMENT


