'मुझे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है...' जंतर-मंतर से लौट रहे युवकों से मारपीट करने वाले सत्यम पंडित ने तोड़ी चुप्पी, कही ये बात

अरविंद ओझा

27 Jul 2026 (अपडेटेड: Jul 27 2026 10:33 AM)

Ghaziabad Satyam Pandit : गाजियाबाद के सत्यम पंडित का वीडियो वायरल होने के बाद विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. अब उन्होंने पहली बार पूरे घटनाक्रम पर अपनी बात रखी है. बातचीत में उन्होंने जंतर-मंतर, मारपीट, श्रीराम को लेकर दिए गए अपने बयान, कानूनी कार्रवाई और वायरल वीडियो से जुड़े कई विवाद पर अपनी बात रखी.

सत्यम पंडित ने वायरल वीडियो पर तोड़ी चुप्पी
सत्यम पंडित ने वायरल वीडियो पर तोड़ी चुप्पी
Google CTA

Satyam Pandit interview: गाजियाबाद के सत्यम पंडित का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वे जंतर-मंतर से लौट रहे दो युवकों के साथ कार में बैठे हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते और उनके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं. इस विवादित वीडियो पर भारी बवाल मचने के बाद अब इंडिया टुडे से बातचीत में सत्यम पंडित ने अपनी चुप्पी तोड़ी है और घटना के बारे में बताया है. सत्यम के मुताबिक, यह मामला बीत दिन वे किसी काम से जंतर-मंतर की तरफ गए थे. उनका दावा है कि यहां उन्होंने कुछ लोगों को भगवान श्रीराम को लेकर उल्टे-सीधे नारे लगाते हुए देखा. इसके बाद जब उन्होंने कॉट प्लेस सर्किल का एक चक्कर लगाया. इस दौरान उन्हें दो युवक दिखे जाे वापस लौट रहे थे. ऐसे में मैंने उन्हें राेक लिया.

Read more!

सत्यम ने बताया कि "मैंने उनसे पूछना समझा कि भाई आप लोग ऐसा क्यों कर रहे हो? वो चीज मैं कैमरे में रिकॉर्ड नहीं कर पाया, मुझे नहीं पता था कि परिस्थिति क्या हो जाएगी. जब उनसे पूछा गया तो उनमें से न तो कोई नीट का छात्र था और न ही मुझे इस प्रोटेस्ट में आने वाला कोई व्यक्ति लगा. वे केवल लफंगे लग रहे थे जो खुद को स्टूडेंट बता रहे थे."

हनुमान मंदिर के बाहर क्या हुआ था?

सत्यम पंडित से पूछा गया कि उन्होंने यह कैसे तय किया कि वे युवक लफंगे थे और असल में क्या बात हुई थी तो उन्होंने पूरी बात विस्तार से बताई. सत्यम ने कहा कि "मैं वहाँ से गुजर रहा था, यह बिल्कुल हनुमान मंदिर के बाहर का प्रकरण है. वहां वे 4 से 5 लोग खड़े होकर आपस में श्रीराम जी को लेकर मजाक कर रहे थे. किसी निजी फोन के आने के कारण मैंने वहां गाड़ी रोकी. जैसे ही मैं उतरने लगा, मैंने देखा कि वे आपस में ऐसी बातें कर रहे हैं. उस वक्त मैंने उनसे कुछ नहीं कहा और सीपी का एक राउंड लिया. जब वापस आया तो वहां 2 से 3 लोग खड़े थे. मैंने पूछा कि 'भाई आप लोग ऐसी बातें क्यों कर रहे हो?', तो उन्होंने सही से जवाब नहीं दिया."

सत्यम ने आगे दावा किया, "मैंने उनसे कहा कि आप प्रोटेस्ट में जा रहे हो और देश विरोधी बातें करते हो? उसके आगे की वीडियो आप सबने देखी है. ये वही लोग हैं जो सीता माता पर बोल रहे हैं कि श्रीराम ने उन्हें स्वीकार नहीं किया. ये वही लोग हैं जो पीएम मोदी को लेकर गलत बात कर रहे हैं, जो पुलिस अधिकारियों, आईपीएस, और सीआरपीएफ के जवानों को पीट रहे हैं."

कानूनी कार्रवाई पर कही ये कहा?

अखिलेश यादव, राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल और सौरभ भारद्वाज जैसे विपक्षी नेताओं द्वारा वीडियो शेयर किए जाने और पुलिस कार्रवाई की मांग पर सत्यम पंडित ने कहा कि "अगर हमारे आराध्य और भगवान श्रीराम को लेकर कोई बात कहेगा, तो हम चुप नहीं रहने वाले. अगर आपकी मांग नीट की थी, तो नीट पर रहते. आप नरेंद्र मोदी मुर्दाबाद बोल रहे हो, पुलिस और जवानों को पीट रहे हो. मेरी नजर में ये कहीं से भी स्टूडेंट नहीं हैं, क्योंकि स्टूडेंट किताबों में भरोसा रखता है, हथियारों में नहीं."

कानून हाथ में लेने और संभावित गिरफ्तारी के सवाल पर सत्यम ने कहा, "हमारे आदर्श भगत सिंह हैं, गांधी जी नहीं. अगर इस पर कोई मुकदमा बनता है तो हम उसका स्वागत करते हैं. हम पर पूरी कानूनी कार्रवाई की जाए. अगर देश विरोधी गतिविधि कहीं भी दिखेगी तो हम उसके लिए तैयार हैं. हम ये सहने का काम नहीं करेंगे. अगर हम जेल जाएंगे तो कम से कम खुद को शीशे में देखकर यह तो कह सकेंगे कि हमारे ईश्वर को कोई गाली दे रहा था और हमने उसका जवाब दिया." सत्यम ने कहा कि ये वीडियो उनके किसी साथी ने बनाया था, जो गलती से किसी पेज पर अपलोड हो गया और वायरल हो गया. उन्होंने साफ कहा कि जो कुछ भी हुआ, उसको लेकर उन्हें कोई अफसोस नहीं है.

जानिए क्या है पूरा वायरल वीडियो?

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में सत्यम पंडित अपनी कार में बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि पीछे बैठा उनका एक साथी वीडियो रिकॉर्ड कर रहा है. वीडियो में सत्यम जंतर-मंतर से लौट रहे दो युवकों को रोकते हैं और उनका नाम व पता पूछते हैं. जब युवक बताते हैं कि वे जंतर-मंतर से लौट रहे हैं, तो सत्यम उनसे पूछते हैं कि वे वहां क्यों गए थे. इसके बाद सत्यम पंडित वीडियो में उन दोनों युवकों को थप्पड़ मारते और गाली-गलौज करते दिखता है. यह वीडियो सामने आने के बाद से ही इंटरनेट पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की जा रही है.

कौन हैं सत्यम पंडित?

सत्यम पंडित उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले का निवासी है. वो अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल में खुद को 'राष्ट्रीय हिंदू वीर सेना' नाम के संगठन का प्रमुख बताता है. सत्यम पंडित का विवादों से पुराना नाता रहा है. इससे पहले अगस्त 2024 में उस पर भड़काऊ भाषण और बयानबाजी करने का आरोप लगा था, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था. इसके अलावा फरवरी 2026 में मीट की दुकानें जबरन बंद कराने और दुकानदारों के साथ मारपीट करने के मामले में भी उस पर पुलिस कार्रवाई हो चुकी है.

यह भी पढ़ें: कौन है सत्यम पंडित, जिसका जंतर-मंतर जा रहे छात्रों से मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है? जानिए पूरा बैकग्राउंड