अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल दो आरोपी शूटर ढेर! पुलिस एनकाउंटर के बाद सामने आई पिता सतबीर सिंह की प्रतिक्रिया

शरद मलिक

• 01:08 PM • 31 Aug 2026

Ankit Balian Shooters Encounter: शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में यूपी पुलिस और एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस मुठभेड़ में दो इनामी शूटर सुमित और मोहित ढेर हो गए हैं. कार्रवाई के बाद अंकित के पिता ने कहा कि उन्हें आधा इंसाफ मिल गया है और बाकी गुनहगारों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.

अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल 2 शूटर मुठभेड़ में ढेर
अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल 2 शूटर मुठभेड़ में ढेर
Google CTA

Ankit Balian Murder Case: उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस और एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस मुठभेड़ में अंकित पर गोली चलाने वाले दो शूटर मारे गए हैं. यह एनकाउंटर करण रोड स्थित राजमहल के जंगल में हुआ. एनकाउंटर में मारे गए बदमाशों की पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई है. दोनों हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले थे और उनके गोगी गैंग से जुड़े होने की बात सामने आई है. बदमाशों की फायरिंग में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.

Read more!

जानिए एनकाउंटर का पूरा घटनाक्रम 

पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान संदिग्ध बदमाशों की लोकेशन ट्रेस की गई थी. जब पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. बदमाशों के कब्जे से 30 बोर और 32 बोर की पिस्तौल, 26 जिंदा कारतूस, 15 खोके और एक फर्जी नंबर प्लेट वाली बाइक बरामद हुई है. पुलिस ने बताया कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए होटल में ठहरे थे और बाकायदा गाड़ी में जीपीएस लगाकर रेकी की गई थी.

दो शूटरों के मारे जाने पर क्या बोले अंकित के पिता

दो शूटरों के एनकाउंटर की खबर मिलने के बाद अंकित बालियान के पिता सतबीर सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है. बेटे के खोने के दर्द के बीच उन्होंने कहा कि उन्हें आधा इंसाफ मिल गया है और आधा इंसाफ मिलना अभी बाकी है. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देते हुए कहा कि बाकी बचे साजिशकर्ताओं और रेकी करने वालों को भी जल्द से जल्द सख्त सजा मिलनी चाहिए ताकि पूरे मामले का सच सामने आ सके.

जानें कैसे हुई अंकित बालियान की हत्या?

बता दें कि 26 अगस्त को शामली के सदर कोतवाली क्षेत्र में जिम के बाहर घात लगाए हमलावरों ने अंकित बालियान पर महज़ 30 सेकंड में 15 से 20 राउंड गोलियां बरसा दी थीं, जिससे उनकी मौत हो गई थी. जांच में छह आरोपियों की भूमिका सामने आई थी. फिलहाल जेल में बंद गोगी गैंग के अन्य सरगनाओं को भी पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है और बाकी फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है.


यह भी पढ़ें: अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल दो शार्प शूटर का हुआ एनकउंटर, देख लीजिए इनकी तस्वीर