आशुतोष ब्रह्मचारी के नाक पर हुए हमले पर आई स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की प्रतिक्रिया, बता दिया 21 लाख वाली इनामी थ्योरी का सच

श्रीकृष्ण जन्मभूमि मामले के वादी आशुतोष ब्रह्मचारी ने ट्रेन में हुए जानलेवा हमले के पीछे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का हाथ बताया था. अब स्वामी जी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे जांच का विषय बताया है.

Swami Avimukteshwaranand Reaction on Ashutosh Brahmachari
Swami Avimukteshwaranand Reaction on Ashutosh Brahmachari

सूरज सिंह

follow google news

Swami Avimukteshwaranand Reaction on Ashutosh Brahmachari: श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण के मुख्य वादी आशुतोष ब्रह्मचारी ने चलती ट्रेन में रविवार को हमला हो गया था.  इस घटना के पीछे उन्होंने एक बड़ी साजिश का आरोप लगाया था. खुद पर हुए हमले को लेकर उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके सहयोगियों को जिम्मेदार ठहराया था. वहीं अब इन आरोपों पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की प्रतिक्रिया भी सामने आ गई है. हमारे सहयोगी आज तक से बातचीत में स्वामी ने अपने ऊपर लगे आरोप का खंडन किया है. साथ घटना को जांच का विषय बताया है.

Read more!

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने क्या कहा?

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने आशुतोष ब्रह्मचारी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने आरोप लगा दिया है, इसकी जांच होगी और जांच होने पर ही सब कुछ पता चलेगा. उन्होंने सवाल उठाया कि रेल यात्रा के दौरान जब जीआरपी पुलिस हर यात्री की सुरक्षा के लिए तैनात रहती है तो वहां उनके ऊपर यह हमला कैसे हो गया? स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के मुताबिक घटना पुलिस की विवेचना का विषय है.

21 लाख रुपये के इनाम वाली बात का खंडन

आशुतोष ब्रह्मचारी ने दावा किया था कि उनकी नाक काटने के लिए पहले से ही 21 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा की गई थी और इसी के तहत उन पर हमला हुआ. इस पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि ये बात उन्होंने कभी नहीं कही और न ही इसका समर्थन किया. उन्होंने  कहा कि इसलिए हमे इससे जोड़ने का कोई मतलब नहीं है.

क्या था मामला?

बता दें कि आशुतोष ब्रह्मचारी रीवा एक्सप्रेस से प्रयागराज आ रहे थे तभी फतेहपुर और सिराथू के बीच उन पर हमला हुआ. जब वे टॉयलेट जाने के लिए उठे थे. आरोप है कि एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से उनकी नाक पर वार करने की कोशिश की. आशुतोष का कहना है कि उन्होंने किसी तरह हमलावर का मुकाबला किया और खुद को बाथरूम में बंद कर अपनी जान बचाई. घटना के बाद ट्रेन के यात्रियों में दहशत फैल गई थी.

कोर्ट में पैरवी के लिए प्रयागराज आ रहे थे आशुतोष

आशुतोष ब्रह्मचारी इलाहाबाद हाईकोर्ट में श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण और पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक मामले में पैरवी के लिए आ रहे थे. उनका आरोप है कि उन्हें कोर्ट में अपना पक्ष रखने से रोकने के लिए यह हमला कराया गया है. उन्होंने पुलिस पर दबाव होने की बात भी कही है. फिलहाल प्रयागराज की जीआरपी पुलिस ने लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और हमलावर की तलाश के साथ साथ साजिश के पहलुओं की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें: 'मेरी नाक काटने की कोशिश...' चलती ट्रेन में आशुतोष ब्रह्मचारी पर जानलेवा हमला, खुद बताया कैसे हुआ अटैक

    follow google news