कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के दो दिवसीय रायबरेली दौरे के दौरान लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर यूपी कांग्रेस की टीम ने उनका भव्य स्वागत किया. इस स्वागत समारोह में यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय के साथ हाल ही में एआईएमआईएम (AIMIM) छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए सैयद आसिम वकार भी मौजूद थे. इस दौरान असीम वकार ने राहुल गांधी से मुलाकात की और इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीर साझा करते हुए राहुल गांधी को 'भावी प्रधानमंत्री' करार दिया.
ADVERTISEMENT
2 सितंबर को थामा था कांग्रेस का दामन
सैयद आसिम वकार ने 2 सितंबर 2026 को कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी. कांग्रेस में शामिल होते समय भी उन्होंने राहुल गांधी को देश का भावी प्रधानमंत्री बताया था और स्पष्ट किया था कि उनका मुख्य मकसद भारतीय जनता पार्टी (BJP) को सत्ता से बाहर करना है. एआईएमआईएम में अपने अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने कहा था कि वहां केवल जुबान से बीजेपी को हटाने की बात होती है, लेकिन जमीन पर विपक्षी दलों से ही लड़ाई लड़ी जाती है. उनका मानना है कि बीजेपी के खिलाफ देश में ईमानदारी से केवल कांग्रेस और राहुल गांधी ही लड़ाई लड़ रहे हैं.
यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर राहुल गांधी की चर्चा
उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों से ठीक पहले एआईएमआईएम के पूर्व मुख्य प्रवक्ता असीम वकार का कांग्रेस में आना बेहद अहम माना जा रहा है. लखनऊ एयरपोर्ट पर हुई इस छोटी सी बैठक में राहुल गांधी ने यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी, पूर्व सांसद पीएल पुनिया और अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की. सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने प्रदेश के सियासी माहौल का जायजा लिया और पार्टी नेताओं को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का निर्देश दिया.
2029 के लोकसभा चुनाव और विपक्षी गठबंधन के मायने
असीम वकार द्वारा राहुल गांधी को लगातार 'भावी प्रधानमंत्री' कहे जाने के सियासी गलियारों में बड़े मायने निकाले जा रहे हैं. इसे वर्ष 2029 के लोकसभा चुनावों में विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन के नेतृत्व और प्रधानमंत्री पद के चेहरे के तौर पर देखा जा रहा है. वहीं, आगामी यूपी विधानसभा चुनावों के संदर्भ में माना जा रहा है कि असीम वकार के आने से कांग्रेस को प्रदेश में अपनी स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी.
ADVERTISEMENT


