UP Election: योगी के दांव पर अखिलेश का पलटवार! सपा मैनिफेस्टो में 'स्त्री समृद्धि सम्मान योजना', मिलेंगी ये सुविधाएं

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव ने महिलाओं और छात्राओं के लिए बड़ा चुनावी दांव चला है. सपा सरकार बनने पर 'स्त्री समृद्धि सम्मान योजना' के तहत महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता, मुफ्त बस यात्रा, छात्राओं को लैपटॉप-साइकिल, मुफ्त शिक्षा, महिला सुरक्षा के लिए 33% आरक्षण और फास्ट ट्रैक कोर्ट जैसी सुविधाएं देने का ऐलान किया गया है.

Akhilesh Yadav Women Scheme,
Akhilesh Yadav Women Scheme,
Google CTA

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश की आधी आबादी यानी महिलाओं और छात्राओं को साधने के लिए बड़ा दांव चला है. सपा प्रमुख ने घोषणा की है कि राज्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं के लिए 'स्त्री समृद्धि सम्मान योजना' लागू की जाएगी, जिसे पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र में प्रमुखता से शामिल किया जाएगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वरिष्ठ महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा योजना के ऐलान के तुरंत बाद अखिलेश यादव ने आर्थिक सहायता, शिक्षा और सुरक्षा से जुड़े कई बड़े वादे किए हैं.

Read more!

आर्थिक सहायता और सामाजिक सुरक्षा का वादा

समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर 'स्त्री समृद्धि सम्मान योजना' के तहत महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 40,000 रुपये प्रति वर्ष की सहायता राशि भेजी जाएगी, जिसमें हर साल बढ़ोतरी भी की जाएगी. इसके अलावा प्रदेश की सभी महिलाओं के लिए बस यात्रा पूरी तरह मुफ्त होगीय बेसहारा और विधवा महिलाओं को सीधे उनके नाम पर 'लोहिया आवास' दिया जाएगा. कामकाजी महिलाओं के लिए सरकारी और निजी दफ्तरों में हर महीने बिना किसी सवाल के 2 दिन का आकस्मिक अवकाश देने का नियम लागू होगा. साथ ही, वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल के लिए हर तहसील में वृद्धाश्रम बनाए जाएंगे और निराश्रित महिलाओं के अंतिम संस्कार का पूरा खर्च सरकार उठाएगी.

छात्राओं के लिए लैपटॉप, साइकिल और सस्ती शिक्षा

शिक्षा के क्षेत्र में अखिलेश यादव ने 12वीं पास करने वाली हर छात्रा को आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त लैपटॉप और स्कूली छात्राओं को साइकिल देने की घोषणा की है. सरकारी स्कूलों में बेटियों की पढ़ाई पूरी तरह मुफ्त होगी, जबकि निजी स्कूलों में फीस आधी की जाएगी. सपा सरकार बंद पड़े 26,000 से अधिक प्राथमिक व जूनियर स्कूलों को दोबारा खोलेगी, ताकि किसी भी गांव में एक भी छात्रा होने पर उसे दूर न जाना पड़े. इसके अलावा हर तहसील में महिला पीजी कॉलेज, हर जिले में यूनिवर्सिटी और सुरक्षित हॉस्टल की सुविधा दी जाएगी.

महिला सुरक्षा के लिए 33% आरक्षण और फास्ट ट्रैक कोर्ट

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस बल में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला किया गया है. हर जिले और शहर में तत्काल प्रभाव से एक अलग महिला एसपी (SP) का पद तैनात किया जाएगा. महिला अपराधों की जल्द सुनवाई और दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए विशेष फास्ट ट्रैक अदालतें गठित होंगी. इसके साथ ही 1090 वीमेन पावर लाइन को अधिक महिला कर्मियों, तय समय सीमा में अनिवार्य कार्रवाई और केस के पूरी तरह निपटने तक जिला स्तर पर सीधी जवाबदेही के साथ और अधिक मजबूत बनाया जाएगा.

स्वास्थ्य सेवाएं और आंगनबाड़ी केंद्रों का विस्तार

स्वास्थ्य और पोषण के मामले में महिलाओं और बच्चियों के लिए प्रशिक्षित महिला स्टाफ से लैस 24×7 अलग एम्बुलेंस सेवा शुरू की जाएगी, जिसमें गर्भवती माताओं को प्राथमिकता मिलेगी. प्रदेश के हर जिला मुख्यालय पर आधुनिक सुविधाओं वाले सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाए जाएंगे. इसके अतिरिक्त, बंद पड़े सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को गर्म पोषाहार, स्वच्छ पेयजल और टॉयलेट की सुविधाओं के साथ दोबारा शुरू किया जाएगा. सार्वजनिक स्थलों, बस अड्डों और पेट्रोल पंपों पर महिलाओं के लिए साफ और सुरक्षित शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.

अखिलेश यादव के इन ऐलानों से साफ है कि समाजवादी पार्टी आगामी चुनावों में महिला सुरक्षा, शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण को अपना सबसे बड़ा मुद्दा बनाने की तैयारी में है.

रक्षाबंधन पर योगी सरकार का बड़ा तोहफा, बुजुर्ग महिलाओं को जिंदगीभर मुफ्त बस सफर, जानें कैबिनेट के 4 बड़े फैसले!