UP Election Vote Survey: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज होने लगी है. चुनाव में अभी वक्त है, लेकिन जनता का मूड क्या है, इसे लेकर AT Vote Vibe LLP ने एक सर्वे किया है. इस सर्वे में लोगों से पूछा गया कि वे 2027 विधानसभा चुनाव में किस गठबंधन (NDA/INDIA/BSP/OTHERS) को वोट देंगे. सर्वे में इसके अलावा सरकार के कामकाज और अपने मौजूदा विधायक के प्रदर्शन को लेकर भी लोगों की राय ली गई है. आइए जानते हैं कि पोल ट्रैकर में क्या आंकड़े सामने आए हैं.
ADVERTISEMENT
आप यूपी 2027 चुनाव में किस पार्टी या गठबंधन को वोट देंगे? (वोट शेयर)
सर्वे में लोगों से पूछा गया कि अगर आज उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होते हैं तो वे किस पार्टी या गठबंधन को वोट देंगे? इसके जवाब में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को 41.9% वोट शेयर मिलने का अनुमान जताया गया है. वहीं, सपा गठबंधन को 39.1% वोट शेयर मिल सकता है. इसके अलावा बसपा को 6.4% और अन्य क्षेत्रीय दलों या निर्दलीय उम्मीदवारों को 4.9% वोट शेयर मिलने का अनुमान जताया गया है.
वहीं, 7.8% लोग ऐसे हैं जिन्होंने अभी अपनी पसंद नहीं बताई या इस सवाल पर कुछ कहने से परहेज किया. इन आंकड़ों के मुताबिक, वोट शेयर के मामले में एनडीए और सपा गठबंधन के बीच ज्यादा अंतर नहीं है. हालांकि, विधानसभा चुनाव में अभी समय बाकी है और आने वाले दिनों में राजनीतिक परिस्थितियों के साथ मतदाताओं की पसंद भी बदल सकती है.
यूपी सरकार के प्रदर्शन से कितनी संतुष्ट है जनता?
सर्वे में अगला सवाल उत्तर प्रदेश की मौजूदा सरकार के कामकाज को लेकर पूछा गया. इसमें सरकार के पिछले पांच सालों के कामकाज को लेकर मन टटोलने को कोशिश की गई है कि वे राज्य सरकार के प्रदर्शन से कितने संतुष्ट हैं. इसके जवाब में 28.3% लोगों ने कहा कि वे सरकार के कामकाज से पूरी तरह संतुष्ट हैं. वहीं, 13% लोग संतुष्ट नजर आए. 11.4% लोगों ने सरकार के प्रदर्शन को औसत या ठीक-ठाक बताया. दूसरी ओर 28.4% लोगों ने सरकार के कामकाज पर असंतुष्टि जताई, जबकि 9.8% लोग पूरी तरह असंतुष्ट हैं. वहीं, 9.2% लोगों ने इस सवाल पर कोई राय नहीं दी.
आप अपने वर्तमान विधायक के कार्य-प्रदर्शन से कितने संतुष्ट हैं?
पोल ट्रैकर में तीसरा सवाल उत्तर प्रदेश के मौजूदा विधायकों के कामकाज को लेकर था. लोगों से पूछा गया कि वे अपने क्षेत्र के वर्तमान विधायक के प्रदर्शन से कितने संतुष्ट हैं. इस सवाल के जवाब में 14.9% लोगों ने अपने विधायक के कामकाज पर पूरी तरह संतुष्टि जताई, जबकि 8.7% लोग संतुष्ट नजर आए. वहीं, 17.2% लोगों ने विधायकों के कामकाज को औसत या ठीक-ठाक बताया. इसके उलट, 42.6% लोगों ने अपने मौजूदा विधायक के कामकाज पर असंतुष्टि जताई. 7.6% लोग पूरी तरह असंतुष्ट हैं, जबकि 9% लोगों ने इस पर कुछ कहने से परहेज किया.
नोट: यह सर्वे 'AT Vote Vibe LLP' की ओर से किया गया है. इसका नाम 'Assembly Elections 2027 Uttar Pradesh Opinion Poll - Tracker 2' है. सर्वे में पूरे उत्तर प्रदेश से कुल 8,339 लोगों की राय ली गई है. सर्वे टेलिफोनिक मेथडलॉजी के जरिए किया गया है. इसकी त्रुटि-सीमा (Margin of Error) +/-3% बताई गई है. हालांकि, ये सर्वे के आंकड़े हैं और इन्हें चुनाव के नतीजे नहीं माना जा सकता. उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव तक मतदाताओं का रुख बदल भी सकता है.
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में तीसरे मोर्चे की एंट्री, चंद्रशेखर आजाद ने सपा-कांग्रेस को दिया साथ आने का न्योता
ADVERTISEMENT


