UP Election: क्या बसपा-सपा से गठबंधन करेंगे असदुद्दीन ओवैसी? 'B टीम' के आरोपों पर AIMIM चीफ ने दे दिया करार जवाब

AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने बहराइच रैली के बाद यूपी चुनाव के लिए गठबंधन की संभावनाओं पर कहा कि वे बराबरी और सम्मान मिलने पर ही किसी दल से हाथ मिलाएंगे.

ओवैसी
ओवैसी

समर्थ श्रीवास्तव

follow google news

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया है. बहराइच में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करने के बाद 'UP Tak' से खास बातचीत में ओवैसी ने गठबंधन की संभावनाओं, विपक्षी दलों द्वारा लगाए जा रहे 'B टीम' के आरोपों और केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों पर खुलकर अपनी बात रखी.

Read more!

बराबरी और इज्जत मिली तो गठबंधन के लिए तैयार

यूपी चुनाव में सीटों की प्लानिंग और गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर असदुद्दीन ओवैसी ने साफ किया कि उनकी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (BJP) को दोबारा सत्ता में आने से रोकने के लिए पूरी ताकत से चुनाव लड़ रही है. गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा, "हमारी पार्टी अलायंस करने के लिए तैयार है ताकि बीजेपी को सत्ता में आने से रोका जा सके. मगर ऐसा अलायंस होना चाहिए जिसमें बराबरी हो और हमें इज्जत से देखा जाए."

जब उनसे पूछा गया कि क्या उनकी बहुजन समाज पार्टी (BSP) या समाजवादी पार्टी (SP) से बातचीत होगी? इस पर ओवैसी ने कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि किससे अलायंस होगा, लेकिन हमारा मुख्य मकसद बीजेपी को रोकना है.

अखिलेश यादव पर साधा निशाना

अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी को मुस्लिम वोट बैंक के लिहाज से एक बड़ा चैलेंज मानने के सवाल पर ओवैसी ने उन्हें 'नाकाम' करार दिया. ओवैसी ने कहा कि सपा 2014 से लगातार हर चुनाव हार रही है.

अक्सर विपक्षी दलों द्वारा AIMIM को बीजेपी की 'B टीम' कहे जाने पर ओवैसी ने तीखा पलटवार करते हुए कहा:

"बिहार चुनाव में इन्होंने हमारे खिलाफ कैंपेन चलाया और राजद (RJD) का साथ दिया. वहां कौन जीता? राज्यसभा चुनाव में हमने सेकुलर ताकतों का साथ दिया, लेकिन कांग्रेस और राजद के मुस्लिम विधायक भाग गए. बंगाल में टीएमसी (TMC) के लोग लाइन लगाकर भाग रहे हैं, क्या इन सबका जिम्मेदार भी ओवैसी है? इन सो-कॉल्ड सेकुलर पार्टियों को थोड़ी शर्म आनी चाहिए कि असली 'B टीम' कौन है."

ओवैसी ने आगे कहा कि बीजेपी को हराना सिर्फ देश के मुसलमानों की जिम्मेदारी नहीं है. उन्होंने मुस्लिम समाज से अपील की कि वे सिर्फ बीजेपी को हराने के चक्कर में न पड़ें, बल्कि अपनी खुद की एक मजबूत 'पॉलिटिकल लीडरशिप' (राजनीतिक नेतृत्व) खड़ी करें.

सीएम योगी को संविधान पढ़ना चाहिए

उत्तर प्रदेश में मस्जिदों पर की गई कार्रवाई और 'आई लव मोहम्मद' के पोस्टर्स को लेकर मचे विवाद पर ओवैसी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सीएम योगी को संविधान का आर्टिकल 25 (धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार) पढ़ना चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि मस्जिद में पैगंबर मोहम्मद से मोहब्बत की कैलीग्राफी नहीं मिलेगी तो क्या नरेंद्र मोदी या आरएसएस की मिलेगी? ओवैसी ने आरोप लगाया कि सीएम पूरे प्रदेश के होने चाहिए, लेकिन वह अपनी आरएसएस की विचारधारा के मुख्यमंत्री बनकर काम कर रहे हैं.

पीएम मोदी की विदेश नीति पर उठाए सवाल

बहराइच की रैली में पीएम मोदी को आड़े हाथों लेने पर ओवैसी ने कहा कि देश के लाखों सी-फेयरर्स (नाविक/समुद्री कर्मचारी) जोखिम में काम कर रहे हैं. उन्होंने एक हालिया घटना का जिक्र करते हुए कहा कि समंदर में हमारे नागरिकों पर मिसाइल दाग दी जाती है और हम 'उफ' तक नहीं बोल पाते. सरकार इंटरनेशनल वाटर में भारत के नागरिकों की जान बचाने और देश के गवर्नेंस के मुद्दों पर पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है.

 

    follow google news