उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं. मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए प्रदेश के कई जिलों में स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है. बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारियों ने अलग-अलग आदेश जारी किए हैं. प्रयागराज, अयोध्या, बाराबंकी, बरेली, एटा, हापुड़, मुरादाबाद, सिद्धार्थनगर, पीलीभीत और गोंडा समेत कई जिलों में 26 सितंबर को स्कूल बंद रहेंगे. कुछ जिलों में 27 सितंबर को भी छुट्टी रहेगी.
ADVERTISEMENT
प्रयागराज और अयोध्या में 12वीं तक स्कूल बंद
प्रयागराज में मौसम को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है. यहां प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक के स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं. अयोध्या में भारी बारिश के रेड और ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए 26 सितंबर को कक्षा 12 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे. बाराबंकी में 26 और 27 सितंबर दोनों दिन कक्षा 12 तक के स्कूलों में अवकाश रहेगा.
कई जिलों में 26 सितंबर को छुट्टी
बरेली, एटा, हापुड़, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, सिद्धार्थनगर, पीलीभीत और गोंडा में भी 26 सितंबर को स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं. एटा में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के स्कूलों में छुट्टी रहेगी. बिजनौर में नर्सरी से 12वीं तक के स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे. अम्बेडकरनगर में कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों को बंद रखने का फैसला लिया गया है.
इन जिलों में कक्षा 8 तक स्कूल बंद
उन्नाव, हरदोई, फतेहपुर, मिर्जापुर, बांदा और चित्रकूट में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल बंद रहेंगे. चित्रकूट में जिलाधिकारी ने भारी बारिश को देखते हुए 26 सितंबर को कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों को बंद रखने का आदेश दिया है. कानपुर देहात में भी 26 सितंबर को सभी स्कूल बंद रहेंगे.
कौशाम्बी में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश रहेगा. मैनपुरी में मौसम विभाग के भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए कक्षा 12 तक शिक्षण कार्य स्थगित कर दिया गया है.
हमीरपुर में भी खराब मौसम और अत्यधिक बारिश को देखते हुए परिषदीय, मान्यता प्राप्त और सहायता प्राप्त विद्यालयों में छुट्टी घोषित की गई है.
काशी और भदोही में छात्रों की छुट्टी, शिक्षकों की ड्यूटी
वाराणसी यानी काशी में 26 सितंबर को कक्षा 12 तक के स्कूल बंद रहेंगे. हालांकि शिक्षकों को विद्यालय पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं. भदोही में भी कक्षा 12 तक के विद्यालयों में अवकाश रहेगा. यहां शिक्षक और कर्मचारी स्कूल पहुंचकर विभागीय कार्य करेंगे.
श्रावस्ती में राप्ती नदी को लेकर अलर्ट
भारी बारिश के बीच श्रावस्ती में प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है. राप्ती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. रात में नदी के खतरे के निशान को पार करने की आशंका जताई गई है. लोगों को सतर्क करने के लिए पुलिस की ओर से मुनादी कराई जा रही है. प्रशासन ने लोगों से नदी और आसपास के इलाकों में सावधानी बरतने की अपील की है.
मौसम ने फिर बदला रंग, UP-बिहार समेत कई राज्यों में आज इन राज्यों में टूटकर बरसेंगे बादल
ADVERTISEMENT


