यूपी में देर रात बड़ा प्रशासनिक धमाका: 17 IAS अफसरों के तबादले, 7 एक्सटेंशन वाले आंजनेय सिंह की विदाई

संतोष शर्मा

24 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 24 2026 9:18 AM)

उत्तर प्रदेश में देर रात 17 IAS अधिकारियों के तबादले किए गए, जिसमें 7 बार सेवा विस्तार पाने वाले मुरादाबाद के मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह की यूपी से विदाई सबसे बड़ा प्रशासनिक फेरबदल रही.

यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
Google CTA

उत्तर प्रदेश की शासन व्यवस्था में देर रात एक बड़ा प्रशासनिक उलटफेर देखने को मिला. राज्य सरकार ने 17 IAS अधिकारियों के ताबड़तोड़ तबादले कर दिए हैं. इस लंबी-चौड़ी लिस्ट में सबसे ज्यादा चर्चा मुरादाबाद के कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह की हो रही है. लगातार 7 बार सेवा विस्तार (एक्सटेंशन) पाने के बाद इस बार 8वीं दफा केंद्र से हरी झंडी नहीं मिली, जिसके चलते यूपी में उनकी लंबी और चर्चित पारी पर विराम लग गया है.

Read more!

आंजनेय सिंह: रामपुर से मुरादाबाद तक का सफर

मूल रूप से सिक्किम कैडर के अफसर आंजनेय कुमार सिंह रामपुर के जिलाधिकारी रहते हुए सुर्खियों में आए थे. आजम खान और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े विवादों के दौरान अपनी सख्त कार्रवाई को लेकर वह लगातार खबरों में बने रहे. डेप्युटेशन पर यूपी आए आंजनेय सिंह की जरूरत प्रशासन को इस कदर थी कि उन्हें एक के बाद एक 7 एक्सटेंशन मिलते चले गए. हालांकि, इस बार विस्तार न मिलने पर वे छुट्टी पर चले गए थे और अब उन्हें उनके मूल कैडर के लिए रिलीव कर दिया गया है.

किसे कहां मिली नई जिम्मेदारी?

आंजनेय सिंह की विदाई के साथ ही मुरादाबाद मंडल की कमान अब अलीगढ़ की मंडलायुक्त संगीता सिंह को सौंपी गई है. वहीं प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए कई अन्य विभागों में भी नए चेहरे तैनात किए गए हैं:

  • संगीता सिंह: मंडलायुक्त, मुरादाबाद (पहले अलीगढ़ की कमिश्नर थीं)
  • सोम प्रकाश आर्य: सदस्य (न्यायिक), राजस्व परिषद प्रयागराज से बदलकर मंडलायुक्त, अलीगढ़
  • गोरी शंकर प्रियदर्शी: महानिदेशक, आयुष विभाग (साथ में राष्ट्रीय आयुष मिशन का अतिरिक्त प्रभार)
  • दीपा चौधरी: प्रशासनिक सदस्य, राजस्व परिषद
  • प्रमोद कुमार उपाध्याय: आयुक्त, ग्राम्य विकास
  • मासूम अली सरवर: प्रबंध निदेशक, जल निगम (नगरीय) तथा अमृत योजना का प्रभार
  • डॉ. राज शेखर: सचिव, नियोजन विभाग
  • योगेश कुमार: प्रबंध निदेशक, जल निगम (ग्रामीण)
  • कुमार प्रशांत: आयुक्त एवं निबंधक, सहकारिता विभाग
  • गुरुत्ता श्रीनिवासुलु: सचिव, राज्य सूचना आयोग
  • अमृत पाल कौर: संयुक्त प्रबंध निदेशक, यूपी सहकारी चीनी मिल्स संघ

तीन दिन पहले पुलिस विभाग में भी हड़कंप

प्रशासनिक फेरबदल की यह खबर ऐसे समय आई है जब ठीक तीन दिन पहले, 21 अगस्त की रात पुलिस महकमे में भी बड़ा फेरबदल हुआ था. उस दौरान 9 IPS अफसरों के ट्रांसफर कर सात जिलों के SP और SSP बदल दिए गए थे. संभल के SP केके बिश्नोई को बिजनौर भेजा गया था, जबकि विकास चंद्र त्रिपाठी को संभल की कमान मिली थी. इसके अलावा मेरठ, झांसी, सुल्तानपुर, गोंडा और बलरामपुर जैसे जिलों में भी नए पुलिस कप्तानों की तैनाती की गई थी. अधिकारियों की इस नई फेरबदल सूची से यह साफ है कि राज्य सरकार जिलों से लेकर शासन स्तर तक प्रशासनिक कसावट को और मजबूत करने के मूड में है.

ये भी पढ़ें: अंबेडकर नगर से चुनाव लड़ेंगी नेहा सिंह राठौर? राहुल गांधी के कार्यक्रम में इशारों इशारों क्या दिया संदेश