उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक पति की शक और सनक ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया. शहर के डबल फाटक इलाके में रहने वाले एक स्क्रैप कारोबारी ने अपनी पत्नी की सिर्फ इसलिए मौत के घाट उतार डाला क्योंकि उसे पत्नी का जिम जाना पसंद नहीं था. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
ADVERTISEMENT
जिम के माहौल को लेकर मन में था डर
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी शोभित गुप्ता ने पूछताछ में जो खुलासा किया वह चौंकाने वाला है. शोभित ने बताया कि उसे अपनी पत्नी पूनम के चरित्र पर कोई शक नहीं था लेकिन वह जिम के माहौल को लेकर हमेशा शंका में रहता था. उसे लगता था कि जिम ट्रेनर्स महिलाओं को गलत नजर से देखते हैं और उन्हें बहकाने की कोशिश करते हैं. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते था.
वारदात को 'हादसा' बनाने की थी कोशिश
22 अप्रैल को जिम जाने की बात पर विवाद इतना बढ़ा कि शोभित ने गुस्से में आकर दुकान के शटर का लोहे का भारी हैंडल उठाया और पूनम के सिर पर दे मारा. ये वार इतना जोरदार था कि पूनम की मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपी ने शातिराना अंदाज में इसे हादसा दिखाने की कोशिश की. उसने शव को बेड पर लिटा दिया और फिर खुद ही पुलिस और एंबुलेंस को कॉल करता है. हालांकि यहां उसने दिमाग लगाते हुए ये कह दिया कि उसकी पत्नी गिरकर घायल हो गई है.
पुलिस की पूछताछ में टूटा आरोपी
जब पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की तो पति की कहानी और ये पूरा सीन संदिग्ध लगा. पुलिस ने जब शोभित से कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कत्ल में इस्तेमाल लोहे का हत्था भी बरामद कर लिया है.
7 साल की मासूम के सिर से उठा मां का साया
इस खौफनाक वारदात के बाद जहां इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है. पूनम की 7 साल की एक छोटी बेटी है. जिसके सिर से मां का साया सिर्फ इसलिए उठ गया क्योंकि उसके पति का उसका जिम जाना पसंद नहीं था. पुलिस ने पूनम के भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है.
ये भी पढ़ें: 'बैकवर्ड-फॉरवर्ड' या लॉ एंड ऑर्डर? योगी को चेहरा बनाकर बीजेपी ने चली बड़ी चाल, क्या अखिलेश का 'PDA' दे पाएगा मात?
ADVERTISEMENT


