BJP UP Rajya Sabha Candidates: प्रियंका सिंह रावत और श्रुति गंगवार को BJP ने दिया राज्यसभा चुनाव का टिकट, जानिए कौन हैं ये दोनों?

संतोष शर्मा

05 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 5 2026 4:57 PM)

Priyanka Singh Rawat and Shruti Gangwar News: उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अपने 8 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. पार्टी ने इस बार सभी नए चेहरों पर दांव लगाया है. इनमें दो महिला चेहरे, प्रियंका सिंह रावत और श्रुति गंगवार, विशेष रूप से चर्चा का विषय बनी हुई हैं.

BJP ने प्रियंका सिंह रावत और श्रुति गंगवार पर जताया भरोसा
BJP ने प्रियंका सिंह रावत और श्रुति गंगवार पर जताया भरोसा
Google CTA

UP BJP Rajya Sabha Candidates List: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने राज्य की 8 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है. पार्टी की सूची में प्रियंका सिंह रावत और श्रुति गंगवार समेत 8 नाम शामिल हैं. दोनों महिला उम्मीदवार हैं. ऐसे में चलिए जानते हैं कौन हैं प्रियंका सिंह रावत और श्रुति गंगवार? आइए, जानते हैं इस खबर में...

Read more!

कौन हैं प्रियंका सिंह रावत?

बीजेपी की महिला उम्मीदवारों में एक प्रमुख नाम प्रियंका सिंह रावत का है. प्रियंका सिंह रावत उत्तर प्रदेश में बीजेपी का एक जाना-माना महिला चेहरा हैं. वे 2014 के लोकसभा चुनाव में बाराबंकी निर्वाचन क्षेत्र से 16वीं लोकसभा की सांसद चुनी गई थीं. उस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के दिग्गज नेता पीएल पुनिया को 2 लाख से अधिक वोटों के अंतर से हराया था. वर्तमान में वे उत्तर प्रदेश बीजेपी की उपाध्यक्ष हैं और राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य के रूप में संगठन में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं.

कौन हैं श्रुति गंगवार?

राज्यसभा उम्मीदवार बनाई गईं दूसरी महिला चेहरा श्रुति गंगवार हैं. श्रुति गंगवार बरेली के अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक की चेयरपर्सन और एक समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता हैं. वे शैक्षणिक रूप से आईआईटी (IIT) पासआउट हैं. राजनीतिक पृष्ठभूमि की बात करें तो वे वरिष्ठ बीजेपी नेता और वर्तमान में झारखंड/आंध्र प्रदेश के राज्यपाल संतोष गंगवार की पुत्री हैं. श्रुति बरेली-बहेड़ी क्षेत्र में सामाजिक और राजनीतिक रूप से काफी सक्रिय रही हैं. 

यह पढ़ें: UP Election 2027: यूपी में फिर बनेगी NDA की सरकार या कोई नया दल मारेगा बाजी? Matrize फाउंडर मनोज सिंह ने खोले सियासी राज

लिस्ट में ये नाम भी शामिल 

इसने अलावा पार्टी की ओर से जारी लिस्ट में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय और राम प्रताप सिंह चौहान के नाम शामिल हैं. इस बार बीजेपी ने बड़ा बदलाव करते हुए अपने सभी मौजूदा राज्यसभा सांसदों को दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया है. जिन प्रमुख नेताओं को इस बार मौका नहीं मिला है उनमें अरुण सिंह, सीमा द्विवेदी, बीएल वर्मा, हरदीप सिंह पुरी, नीरज शेखर, बृजलाल, दिनेश शर्मा और गीता शाक्य के नाम शामिल हैं. आपको बता दें कि पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा अब अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.

जानिए क्या है बीजेपी का सामाजिक समीकरण

बीजेपी की इस नई लिस्ट में जातीय और सामाजिक संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है. घोषित उम्मीदवारों में 3 ओबीसी, 2 अनुसूचित जाति (SC) और 3 सामान्य वर्ग के प्रत्याशी शामिल हैं. इनमें 2 महिलाओं को भी अवसर दिया गया है. वर्गवार बात करें तो सामान्य वर्ग में 2 ब्राह्मण और 1 राजपूत उम्मीदवार हैं. वहीं ओबीसी वर्ग से 1 लोधी, 1 पाल और 1 कुर्मी प्रत्याशी को जगह मिली है.

जानिए कब होंगे राज्यसभा चुनाव?

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों और उत्तराखंड की 1 सीट के लिए भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने चुनाव का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. इसके मुताबिक, नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर 2026 है, नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर है. वहीं, 16 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा, जबकि इसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और नतीजे घोषित किए जाएंगे.

यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए BJP ने जारी की UP के 8 उम्मीदवारों की सूची, जानें किन चेहरों पर दांव