Shreya Upadhyay Murder Varanasi: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के रोहनिया थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है. बीते तीन दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता चल रही एमएससी फर्स्ट ईयर की छात्रा श्रेया उपाध्याय का सड़ा-गला शव उसके प्रेमी के किराए के मकान के बाथरूम से बरामद किया गया है. इस दर्दनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है.
ADVERTISEMENT
18 अगस्त को कॉलेज के लिए निकली थी इकलौती बेटी
पुलिस की शुरुआती जांच और परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, राजातालाब क्षेत्र के मरुई जमुनी गांव निवासी सुनील उपाध्याय की इकलौती बेटी श्रेया उपाध्याय जगतपुर पीजी कॉलेज में एमएससी फर्स्ट ईयर की छात्रा थी. श्रेया 18 अगस्त 2026 को रोजाना की तरह सुबह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी. परिजनों ने जब खोजबीन की और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई तो छात्रा का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाया गया.
सर्विलांस में मोबाइल की अंतिम लोकेशन बछाव स्थित मालवीय इंटर कॉलेज के पास पाई गई. जांच के दौरान पता चला कि चेलापुर निवासी विवेक चौबे, जिससे श्रेया का परिचय था, वह भी अचानक गायब है.
प्रेमी के ननिहाल से मिली चाबी, कमरा खोलते ही उड़े होश
जब श्रेया की मां और चचेरा भाई विवेक के ननिहाल (मीरापुर) पहुंचे, तो वहां रखे एक बैग से बछाव स्थित उसके किराए के कमरे की चाबी मिली. चाबी लेकर परिजन जब बछाव वाले कमरे पर पहुंचे और ताला खोलकर अंदर दाखिल हुए, तो तेज बदबू आ रही थी. बाथरूम का दरवाजा खोलने पर अंदर श्रेया का शव बेहद बुरी और सड़ी-गली हालत में मिला.
परिजनों का सीधा आरोप है कि विवेक चौबे ने ही श्रेया की बेरहमी से हत्या की और साक्ष्य छिपाने के नियत से शव को बाथरूम में बंद कर ताला लगाकर फरार हो गया.
शादी तय होने से विवाद की आशंका, आरोपी की तलाश में 4 टीमें
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, श्रेया के पिता ने हाल ही में उसकी शादी पास के ही एक गांव के युवक से तय कर दी थी. आशंका जताई जा रही है कि इसी बात से नाराज होकर प्रेमी विवेक चौबे ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी गोमती नगर नीतू काद्यान ने बताया कि शव की पहचान श्रेया उपाध्याय के रूप में हुई है. परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी विवेक चौबे के खिलाफ हत्या (मर्डर) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी प्रेमी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 4 विशेष टीमों का गठन किया गया है.
ADVERTISEMENT


