वाराणसी: यूपी कॉलेज का शांत परिसर शुक्रवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा. कॉलेज के कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय में मौजूद बीएससी के छात्र सूर्य प्रताप सिंह पर एक हमलावर ने बेहद करीब से अंधाधुंध फायरिंग कर दी. बताया जा रहा है कि हमलावर ने सूर्य प्रताप की कनपटी और सीने पर एक के बाद एक 8 गोलियां उतार दीं जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
ADVERTISEMENT
वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर ने अपनी पिस्तौल मौके पर ही फेंक दी और फरार हो गया. पुलिस के अनुसार, यह घटना किसी गहरी रंजिश या सोची-समझी साजिश का हिस्सा हो सकती है. हमलावर का हथियार वहीं छोड़ देना पुलिस के लिए एक बड़ा सुराग भी है और इस हत्याकांड को और भी रहस्यमयी बनाता है.
मां की चीखों से पसीजा हर किसी का दिल
मृतक सूर्य प्रताप सिंह मूल रूप से गाजीपुर का रहने वाला था. जब उसकी मौत की खबर घर पहुंची, तो परिवार में कोहराम मच गया. काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के ट्रामा सेंटर पहुंची मां का रो-रोकर बुरा हाल था. उनकी चीखें वहां मौजूद हर शख्स के कलेजे को चीर रही थीं. मां बार-बार एक ही सवाल कर रही थी कि उसके बेटे ने किसी का क्या बिगाड़ा था.
कॉलेज परिसर में तनाव और भारी पुलिस बल
घटना के बाद छात्रों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है. सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे संकाय को छावनी में तब्दील कर दिया गया. फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती तौर पर यह मामला दो छात्रों के बीच हुए विवाद और प्रोवोकेशन का लग रहा है, लेकिन विस्तृत जांच जारी है.
ये भी पढ़ें: नोएडा के चाइल्ड PGI में संकट! 3 साल में 22 डॉक्टरों ने छोड़ी नौकरी, मरीजों पर असर
ADVERTISEMENT


