IPS अजय पाल शर्मा vs जहांगीर खान...बंगाल चुनाव में बढ़ा तनाव, एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के काफिले को TMC कार्यकर्ताओं ने घेरा!

IPS Ajay Pal Sharma News: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के बीच फलता सीट से बड़ा सियासी विवाद सामने आया है. चुनाव आयोग के ऑब्जर्वर और यूपी कैडर के चर्चित IPS अधिकारी अजय पाल शर्मा के काफिले को कथित तौर पर टीएमसी समर्थकों ने घेरकर नारेबाजी की, जिसके बाद चुनावी माहौल और गर्मा गया. जानिए इस विवाद की पूरी कहानी.

Ajay Pal Sharma Controversy Update
Ajay Pal Sharma Controversy Update

गौरव कुमार पांडेय

follow google news

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान चुनावी मैदान अब जंग के मैदान में तब्दील होता नजर आ रहा है. उत्तर प्रदेश कैडर के चर्चित आईपीएस और एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के नाम से मशहूर अजय पाल शर्मा, जिन्हें चुनाव आयोग ने बतौर ऑब्जर्वर तैनात किया है, और फलता विधानसभा से टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान के बीच ठन गई है. ताजा घटनाक्रम में जहांगीर खान के समर्थकों ने आईपीएस अजय पाल शर्मा के काफिले को घेरकर जमकर नारेबाजी की. यह विवाद तब शुरू हुआ जब आईपीएस शर्मा ने टीएमसी उम्मीदवार के घर दबिश दी और उन्हें खुलेआम चेतावनी दी कि अगर लोगों को डराया-धमकाया गया तो 'कायदे से इलाज किया जाएगा.'

Read more!

काफिले का घेराव और नारेबाजी

घटना फलता विधानसभा क्षेत्र की है, जहां टीएमसी पार्टी कार्यालय के सामने से जब पुलिस ऑब्जर्वर अजय पाल शर्मा का काफिला सीआरपीएफ की गाड़ियों के साथ गुजर रहा था, तब टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया. प्रदर्शनकारियों ने जहांगीर खान के समर्थन में और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की. इस दौरान सड़क पर काफी देर तक हंगामा और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

आईपीएस की सीधी चेतावनी: 'बाद में रोना-पछताना मत'

विवाद की जड़ आईपीएस अजय पाल शर्मा का वह वीडियो है जिसमें वह जहांगीर खान के परिजनों और स्थानीय लोगों को सख्त लहजे में चेतावनी देते नजर आ रहे हैं. उन्होंने कहा, 'जहांगीर को समझा देना, बार-बार खबरें आ रही हैं कि उसके लोग धमका रहे हैं. अगर किसी ने बदमाशी की तो अच्छे से खबर लेंगे, फिर बाद में रोना-पछताना मत.' दरअसल, जहांगीर खान पर स्थानीय लोगों को डराने-धमकाने के आरोप लगे थे, जिसकी जांच के लिए आईपीएस शर्मा खुद उनके घर पहुंच गए थे.

टीएमसी उम्मीदवार का पलटवार

आईपीएस की इस चेतावनी के बाद जहांगीर खान ने भी कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए बंगाली में कहा, 'खेला तुम लोगों ने शुरू किया है, खत्म हम करेंगे. अभी तो पिक्चर बाकी है.' उन्होंने सीआरपीएफ और पुलिस पर बीजेपी का दलाल होने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर यहां की जनता सड़क पर उतर आई तो ये लोग हवा में उड़ जाएंगे.

नियमों के उल्लंघन पर सख्त रुख

आईपीएस अजय पाल शर्मा ने अपनी दबिश के दौरान यह भी पाया कि जहांगीर खान की सुरक्षा में नियम विरुद्ध तरीके से अतिरिक्त जवान तैनात थे. वाई कैटेगरी की सुरक्षा के तहत उन्हें 10 पुलिसकर्मी मिले थे, लेकिन मौके पर 14 जवान तैनात मिले. इस पर आईपीएस शर्मा ने स्थानीय एसपी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है कि अतिरिक्त फोर्स क्यों लगाई गई. 

यहां देखें वीडियो

अगर वह 'सिंघम' है, तो मैं 'पुष्पा' हूं- UP कैडर के IPS अधिकारी के घर आकर धमकी देने पर बोले TMC नेता जहांगीर खान

    follow google news