पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों ने देश की सियासत में हलचल मचा दी है. जहां एक तरफ भाजपा अपनी जीत का जश्न मना रही है, वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मतगणना के दौरान खुद के साथ मारपीट और धांधली के बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. इन आरोपों के बाद अब समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे भारतीय राजनीति का काला दिन करार दिया है.
ADVERTISEMENT
ममता बनर्जी का आरोप
पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों के बीच ममता बनर्जी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बेहद आक्रोशित नजर आ रही हैं. मतगणना केंद्र के बाहर ममता बनर्जी ने मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया कि उनके साथ अभद्रता की गई है. ममता बनर्जी ने कहा, 'मुझे लात मारी गई और धक्का दिया गया. सीसीटीवी फुटेज बंद कर दिए गए और हमारे एजेंटों को अंदर घुसने नहीं दिया गया.' उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और कहा कि उन्होंने कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. ममता ने सवाल पूछा कि क्या वह कोई अपराधी हैं जो उनके साथ ऐसा व्यवहार किया गया.
अखिलेश यादव का पलटवार
ममता बनर्जी के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार और मतगणना में धांधली के आरोपों पर यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया है. अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि देश के राजनीतिक इतिहास का यह एक घनघोर काला दिन है. उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में मतगणना के दौरान केंद्रीय बलों का दुरुपयोग किया गया है. अखिलेश ने इसे चुनावी व्यवस्था के नाम पर घपला बताते हुए कहा कि ठीक ऐसा ही मॉडल 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में कन्नौज और फर्रुखाबाद में अपनाया गया था. उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया को जनमत की खुली लूट करार दिया.
भवानीपुर सीट पर मुकाबला और चोर-चोर के नारे
बंगाल की सबसे हॉट सीट मानी जा रही भवानीपुर में कल देर शाम तक सस्पेंस बना रहा. यहां ममता बनर्जी और भाजपा के सुवेंदु अधिकारी के बीच कड़ी टक्कर देखी गई. जब ममता बनर्जी काउंटिंग सेंटर पर पहुंचीं, तो वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ चोर-चोर के नारे लगाए. ममता बनर्जी ने भाजपा की इस बढ़त को अनैतिक जीत करार दिया है. उन्होंने कहा कि जीत हासिल करने के लिए मशीनों और सत्ता का गलत इस्तेमाल किया गया है.
बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत और विपक्ष का रुख
नतीजों की बात करें तो पश्चिम बंगाल में इस बार बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. भाजपा ने ममता बनर्जी के किले में सेंध लगाते हुए 206 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि तृणमूल कांग्रेस महज 80 सीटों पर सिमट गई है. वामपंथियों का किला ढहाने वाली ममता बनर्जी को खुद अपनी ही जमीन पर हार का सामना करना पड़ा है. हालांकि, ममता बनर्जी के साथ हुए व्यवहार को लेकर अब पूरा विपक्ष लामबंद होता दिख रहा है. अखिलेश यादव के साथ-साथ राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं ने भी इस घटना की निंदा की है और नारी अस्मिता का मुद्दा उठाते हुए भाजपा को घेरा है.
यहां देखें वीडियो
पश्चिम बंगाल में कब होगा शपथ ग्रहण सामारोह? सामने आ गई तारीख
ADVERTISEMENT


