Ghaziabad Satyam Pandit Viral Video: दिल्ली के जंतर-मंतर पर हाल ही में समाप्त हुए छात्र आंदोलन के दौरान दो युवाओं के साथ कथित बदसलूकी और मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि दोनों छात्र आंदोलन में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर जा रहे थे. वीडियो में सत्यम पंडित नाम का एक युवक दोनों छात्रों को धमकाता हुआ दिखाई दे रहा है. वो उनसे बहस करते हुए कथित तौर पर गाली-गलौज करता है और उन्हें प्रदर्शन में जाने से रोकने की कोशिश दिख रहा है.
ADVERTISEMENT
दावा किया जा रहा है कि इस घटना का वीडियो खुद सत्यम पंडित ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट किया था जो अब वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग शुरू कर दी है. बता दें कि सत्यम पंडित का नाम इससे पहले भी कई विवादों से जुड़ चुका है. ऐसे में आइए जानते हैं कि सत्यम पंडित कौन है और अब तक वह किन-किन विवादों को लेकर चर्चा में रहा है.
बहस के बाद जड़े थप्पड़, खुद ही ऑनलाइन शेयर कर दिया वीडियो
इस वायरल वीडियो में दो छात्र जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे साथियों का समर्थन करने जा रहे थे. इसी दौरान गाड़ी में बैठा सत्यम पंडित उनसे बहस करता हुआ दिख रहा है. इस दौरान बात इतनी बढ़ी कि आरोपी ने छात्रों को थप्पड़ मार दिए. हैरत की बात यह रही कि आरोपी ने इस पूरी घटना का वीडियो खुद अपने फेसबुक पेज पर अपलोड किया और साथ में विवादित बातें भी लिखीं.
जानिए कौन है सत्यम पंडित?
सत्यम पंडित गाजियाबाद का निवासी है और अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल में खुद को 'हिंदू वीर सेना' संगठन का प्रमुख बताता है. यह पहली बार नहीं है जब वह विवादों में आया हो. इससे पहले अगस्त 2024 में उस पर भड़काऊ बयानबाजी का आरोप लगा था, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ा था. इसके अलावा फरवरी 2026 में मीट की दुकानें बंद कराने को लेकर दुकानदारों से मारपीट के मामले में भी उस पर कार्रवाई हो चुकी है.
अखिलेश यादव का हमला, बोले- 'भरोसे का विलोम है भाजपा'
इस पूरे घटनाक्रम पर समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया भी आई है. उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो का जिक्र करते हुए लिखा कि युवाओं को दिए वादों के चंद घंटों बाद ही ऐसा व्यवहार सामने आ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी से जुड़े लोग कानून और अपने नेतृत्व के आश्वासनों की धज्जियां उड़ा रहे हैं. अखिलेश यादव ने घटना पर कड़ा ऐतराज जताते हुए आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है.
लोगों में भारी नाराजगी, पुलिस से सख्त एक्शन लेने की मांग
वीडियो के इंटरनेट पर वायरल होती ही आम जनता, सामाजिक संगठनों और विपक्षी नेताओं में भारी आक्रोश है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि आरोपी अक्सर ऐसे विवादित वीडियो बनाकर चर्चा में रहने की कोशिश करता है. फिलहाल कानून हाथ में लेने की इस हरकत पर लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है और आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाने की मांग जोर पकड़ रही है.
यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर पर ठेला लगाने वाले इरफान की कहानी, बोले- '500 रुपए की मजदूरी में सम्मान से जिंदगी कैसे जिए मजदूर?'
ADVERTISEMENT


