Agra Viral Video: आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर हुई एक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक महिला चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करती नजर आ रही है. बताया जा रहा है कि महिला प्लेटफॉर्म पर पानी लेने के लिए उतरी थी. इसी दौरान ट्रेन ने अचानक चलना शुरू कर दिया. महिला का छोटा बच्चा पहले से ही ट्रेन के अंदर था. जैसे ही ट्रेन आगे बढ़ी, महिला घबरा गई और बिना समय गंवाए दौड़कर ट्रेन पकड़ने की कोशिश करने लगी.
ADVERTISEMENT
वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला ने पहली बार कोच का हैंडल पकड़कर चढ़ने की कोशिश की, लेकिन पैर फिसल गया और वह प्लेटफॉर्म पर गिर पड़ी. गिरने के बाद भी उसने हिम्मत नहीं हारी. वह तुरंत उठी और दोबारा ट्रेन के साथ दौड़ते हुए चढ़ने की कोशिश की. दूसरी बार भी उसका हाथ हैंडल से छूट गया और वह फिर से नीचे गिर गई. इस दौरान ट्रेन की रफ्तार बढ़ती जा रही थी और आसपास मौजूद लोग यह सब देखते रहे.
कई यात्री तमाशबीन बने रहे
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मौके पर मौजूद कई यात्री तमाशबीन बने रहे. किसी ने तुरंत आगे बढ़कर महिला को रोकने या मदद करने की कोशिश नहीं की. महिला लगातार अपने बच्चे की चिंता में ट्रेन के पीछे दौड़ती रही. आखिरकार तीसरे प्रयास में उसने मजबूती से हैंडल पकड़ लिया और किसी तरह संतुलन बनाते हुए कोच में चढ़ने में सफल हो गई. गनीमत रही कि इस खतरनाक कोशिश में उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई.
यह पूरी घटना किसी यात्री ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर की जा रही है. वीडियो सामने आने के बाद लोग महिला की मजबूरी और हिम्मत की चर्चा कर रहे हैं, वहीं कई लोग इसे बेहद जोखिम भरा कदम बता रहे हैं.
घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को सख्त चेतावनी दी है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश बिल्कुल न करें. अधिकारियों का कहना है कि कुछ मिनट की देरी जान जोखिम में डालने से बेहतर है. यात्रियों से अपील की गई है कि वे सावधानी बरतें और ऐसी लापरवाही से बचें, क्योंकि एक छोटी सी गलती बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है.
ADVERTISEMENT

