लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर यूपी पुलिस के एक सिपाही दंपति ने समय रहते ऐसा कदम उठाया, जिससे पांच लोगों की जान बच गई. एक्सप्रेसवे पर एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई थी. कार के अंदर पांच लोग फंसे थे और मदद के लिए चीख-पुकार मची थी. इसी दौरान वहां से गुजर रहे सिपाही दंपति ने बिना देर किए रेस्क्यू शुरू कर दिया.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 171 कट के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे पलट गई थी. कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए थे. हादसे के बाद मौके पर मदद के लिए आवाजें आने लगीं. इसी दौरान सिपाही अमित तेवतिया अपनी पत्नी अर्चना सिंह के साथ सौरिख से कन्नौज की ओर जा रहे थे. सड़क किनारे हादसा देखकर दोनों ने तुरंत अपनी गाड़ी रोक दी.
कार के शीशे तोड़कर शुरू किया रेस्क्यू
कार के अंदर लोगों को फंसा देखकर सिपाही दंपति ने समय बर्बाद नहीं किया. उन्होंने तुरंत लोगों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी. कार के दरवाजे नहीं खुलने पर सिपाही ने अपनी सर्विस राइफल की मदद से कार के शीशे तोड़े. इसके बाद काफी मशक्कत करके कार में फंसे पांचों लोगों को एक-एक कर बाहर निकाला गया. इस दौरान सिपाही दंपति ने घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने पर पूरा ध्यान दिया.
पांचों घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती
हादसे में घायल हुए पांचों लोगों को इलाज के लिए सौरिख के सीएचसी में भर्ती कराया गया. अस्पताल में सभी का उपचार जारी है. समय पर रेस्क्यू होने से पांचों लोगों को कार से सुरक्षित बाहर निकाला जा सका.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरे रेस्क्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद सिपाही अमित तेवतिया और उनकी पत्नी अर्चना सिंह की बहादुरी और सूझबूझ की जमकर सराहना हो रही है.
हादसे के वक्त मौके से गुजर रहे सिपाही दंपति ने जिस तरह बिना समय गंवाए मदद के लिए कदम उठाया, उसकी लोग तारीफ कर रहे हैं. उनकी तत्परता से कार में फंसे पांच लोगों को समय रहते बाहर निकाला जा सका.
VIDEO: रांची में गजब मामला! शराब की दुकान में घुसी बंदरिया, बोतल से पी शराब और वहीं हो गई टुन...
ADVERTISEMENT

