Pindari Glacier TrekAbhishek Chauhan Missing: उत्तराखंड में ट्रेक पर गए लोगों के लापता होने की खबरों ने सभी को हैरान कर दिया है. एक तरफ जहां उत्तरकाशी के दयारा बुग्याल से बबीता पांडे का कुछ पता नहीं चल पा रहा है वहीं दूसरी तरफ बागेश्वर जिले से भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है. यहां के पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक पर घूमने आए 35 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर अभिषेक चौहान भी बीते कुछ दिनों के लापता हैं. उनका भी कहीं कुछ पता नहीं चल पा रहा है. लागातर चार दिनों से SDRF, पुलिस और वन विभाग की टीम उनका पता लगाने के लिए लगातार तलाशी अभियान चला रही है लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल रहा है. अभिषेक चौहान के अचानक इस तरह पहाड़ों में लापता हो जाने के बाद से उनका पूरा परिवार परेशान है और किसी अनहोनी की आशंका से डरा हुआ है.
ADVERTISEMENT
गाइड से आगे जाने को कहा और फिर अचानक...
मिली जानकारी के मुताबिक अभिषेक चौहान स्थानीय गाइड आनंद राम के साथ खाती गांव से द्वाली की ओर निकले थे. वे एक गाइड को साथ लेकर पिंडारी की तरफ गए थे. पिंडारी से लौटते समय मयाली धार के पास अभिषेक ने थकान की शिकायत की थी. उन्होंने गाइड आनंद राम से कहा कि वे धीरे धीरे फोटोग्राफी करते हुए आ रहे हैं. ऐसे में वो (गाइड) मैगी पॉइंट पर उनका इंतजार करे. अभिषेक शाम जब तक मैगी पॉइंट पर वापस नहीं पहुंचे तो गाइड ने उन्हें ढूंढने लगा. लेकिन जब उनका कहीं कुछ पता नहीं चला तो गाइड आनंद राम वापस खाती गांव वापस आ गया. उससने तुरंत मामले की जानकारी वन विभाग को दी.
SDRF की टीम को खाई से मिला कैमरा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस राजस्व वन विभाग फायर सर्विस और SDRF की टीमें मौके पर पहुंची. इसके बाद उन्होंने पिंडारी ट्रेक के अलग अलग हिस्सों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया. सोमवार को मुख्य आरक्षी टीका सिंह कार्की के नेतृत्व में बचाव दल ने रस्सियों के सहारे लगभग 60 से 70 मीटर गहरी खाई में उतर कर तलाश की. यहां खाई के अंदर से टीम को अभिषेक का कैमरा मिली. इसके बाद से अब ये आशंका जातई जा रही है कि वे ट्रेक के किसी बेहद दुर्गम क्षेत्र में फंसे हो सकते हैं.
खराब मौसम के बीच ड्रोन से की जा रही है तलाश
मामले में स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि सर्च आपॅरेशन तेज करने के लिए अब ड्रोन टीम को भी मौके पर भेजा गया है और हर संभव संसाधन तैनात किए जा रहे हैं. फिलहाल, अभी तक अभिषेक के कैमरे के अलावा कोई और सुराग हाथ नहीं लगा है. पहाड़ों में रुक रुक कर हो रही बारिश और कठिन मौसम ने बचाव कार्य को काफी प्रभावित कर रखा है.
कौन हैं अभिषेक चौहान?
मिली जानकारी के अनुसार लापता हुए अभिषेक चौहान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रहने वाले हैं. वे वर्तमान में गुजरात में रहकर लार्सन एंड टुब्रो कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर काम करते हैं. अभिषेक के पिता रघुराज चौहान दिल्ली में बीएसएफ में तैनात हैं. घटना की सूचना मिलते ही अभिषेक के पिता और अन्य परिजन भी बागेश्वर पहुंच गए हैं और मौके पर मौजूद टीमों के साथ लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं.
ADVERTISEMENT


