अलकनंदा नदी में टला बड़ा हादसा! आमने-सामने टकरा गए दो बोट, लाइव वीडियो आया सामने

न्यूज तक डेस्क

• 05:11 PM • 20 Feb 2026

Alaknanda River boat accident: उत्तराखंड के पौड़ी जिले के श्रीनगर स्थित पवित्र अलकनंदा नदी में बड़ा हादसा टल गया, जब धारा देवी क्षेत्र में दो बोट आमने-सामने टकरा गईं. घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जानिए पूरा मामला, वायरल वीडियो की सच्चाई और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर उठते सवाल.

Alaknanda River boat accident
Alaknanda River boat accident viral video
Google CTA

उत्तराखंड के पौड़ी जनपद से एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. यह वीडियो किसी स्टंट या बयानबाजी का नहीं बल्कि नदी में चल रहे दो बोटों की आमने-सामने के टक्कर का लाइव वीडियो है. मिल रही जानकारी के मुताबिक यह हादसा पवित्र अलकनंदा नदी में हुआ है, जब एक बोट नदी में घूमने के दौरान दूसरे बोट से बुरी तरह से टकरा गया. हादसे का मंजर देखते ही नदी किनारे अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि इस हादसे में किसी की जान जाने के बात अभी तक सामने नहीं आई है. आइए विस्तार से जानते हैं मामले की पूरी कहानी.

Read more!

आपस में टकराई बोट, लाइव वीडियो आया सामने

यह हादसा उत्तराखंड के श्रीनगर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल धारा देवी क्षेत्र में बहने वाली पवित्र अलकनंदा नदी में हुआ है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों बोट पर्यटकों और स्थानीय लोगों को लेकर नदी में चल रही थी. इसी दौरान अचानक से दोनों बोट एक-दूसरे के बेहद करीब आ गई और रफ्तार तेज होने की वजह से आपस में टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक बोट का चालक नदी में कूद गया और अपनी जान बचाई.

टक्कर के बाद गोल-गोल घूमती रही बोट

जैसे ही बोट का चालक नदी में कूदा लोगों को बड़ी दुर्घटना का शक हुआ. हालांकि टक्कर के बाद भी एक बोट कंट्रोल खोकर नदी के बीच में ही गोल-गोल घूमती रही. बोट के कंट्रोल खोते ही उसमें सवार लोगों घबरा गए. स्थिति को देख किनारे पर मौजूद लोग भी दहशत में आ गए. इसी दौरान किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया जो कि अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

यहां देखें वीडियो

चालक ने दिया सूझबूझ का परिचय

हालांकि दुर्घटना के दौरान चालक ने सूझबूझ और हिम्मत का परिचय दिया. बताया जा रहा है कि वह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया. इस बीच पास में चल रहे एक और बोट के चालक और कर्मचारियों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. उन्होंने अनियंत्रित बोट को संभालने में मदद की और उसमें सवार लोगों को सुरक्षित स्थिति में लाया. स्थानीय लोगों की तत्परता और बोट संचालकों की समझदारी के चलते एक बड़ा हादसा टल गया.

गनीमत रही कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ. इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नदी में बोट संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. प्रशासन से भी इस मामले की जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की जा रही है.

इनपुट- सिद्धांत उनियाल

यह खबर भी पढ़ें: उत्तराखंड विधानसभा बजट सत्र: गैरसैंण में 9 से 13 मार्च के बीच आयोजित होगा बजट सत्र, कई मुद्दों पर सरकार और विपक्ष का टकराव संभव