देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा और आस्था के प्रतीक लोकपर्व 'इगास-बग्वाल' की पूर्व संध्या पर देश की राजधानी दिल्ली में पहाड़ी संस्कृति की अनूठी छटा देखने को मिली. भाजपा सांसद अनिल बलूनी के दिल्ली स्थित आवास पर पारंपरिक उल्लास, लोकगीतों की मधुर गूंज और ढोल-दमाऊं की थाप के बीच इगास पर्व को पूरे श्रद्धाभाव और उत्साह के साथ मनाया गया. इस विशेष अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शिरकत की.उन्होंने अग्नि प्रज्वलित कर व विधिवत पूजा-अर्चना के साथ पर्व का शुभारंभ किया.
ADVERTISEMENT
पीएम मोदी के प्रयासों से इगास को मिली देश-विदेश में नई पहचान
कार्यक्रम की तस्वीरें और जानकारी साझा करते हुए भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं. उन्होंने कहा कि दिल्ली स्थित आवास पर पहाड़ की मिट्टी की सौंधी खुशबू और पारंपरिक उत्साह के बीच इगास-बग्वाल का आयोजन किया गया.
अनिल बलूनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए लिखा कि पीएम मोदी की प्रेरणा और निरंतर प्रयासों से उत्तराखंड की इस समृद्ध लोकपरंपरा को देशभर में नई पहचान और व्यापक सम्मान मिला है. उन्होंने कहा कि आज इगास पर्व केवल उत्तराखंड की सीमाओं तक ही सीमित नहीं रहा है, बल्कि यह देश-विदेश में पहाड़ की संस्कृति, विरासत और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बनकर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर रहा है.
भैलो की रोशनी और ढोल-दमाऊं की थाप से गूंजा माहौल
उत्तराखंड में दिवाली के ठीक 11 दिन बाद मनाए जाने वाले इस पारंपरिक पर्व के दौरान पारंपरिक वाद्ययंत्रों (ढोल-दमाऊं) की धुनों और लोकगीतों ने पूरे वातावरण को उत्तराखंडमय बना दिया. अपने संदेश के अंत में सांसद बलूनी ने सभी प्रदेशवासियों और देशवासियों को इगास-बग्वाल की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि भैलो की रोशनी, ढोल-दमाऊं की थाप और पहाड़ की आत्मीयता से उत्तराखंड सदैव जगमगाता रहे.
कार्यक्रम में संतों की भी रही मौजूदगी
सांसद अनिल बलूनी के आमंत्रण पर उनके अवास पर संत भी पहुंचे. योग गुरु बाबा रामदेव, आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि समेत कई बड़े संतों की मौजूदगी में पारंपरिक तरीके से इगास की अग्नि जलाई गई और अग्निपूजन किया गया. उत्तराखंड से आई सांस्कृतिक मंडलियों ने लोकगीत प्रस्तुत किए.
ADVERTISEMENT


