बदरीनाथ धाम के चढ़ावे में कैसे हुई कथित हेराफेरी? 300 पन्नों की रिपोर्ट में खुलीं मंदिर प्रबंधन की खामियां, कांग्रेस ने उठाए सवाल

• 05:57 PM • 24 Nov 2026

Badrinath Temple Donation Scam: बदरीनाथ धाम में भगवान बदरीविशाल के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले में SIT ने तीन आरोपियों के खिलाफ करीब 1,000 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है. वहीं, उच्चस्तरीय जांच समिति की 300 पन्नों की रिपोर्ट में मंदिर प्रबंधन, CCTV निगरानी और चढ़ावे की गणना व्यवस्था की खामियां सामने आई हैं. जानिए पूरी बात.

Badrinath Temple Donation Scam
Badrinath Temple Donation Scam
Google CTA

करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र बदरीनाथ धाम में भगवान बदरीविशाल को अर्पित किए जाने वाले चढ़ावे में कथित हेराफेरी का मामला अब मंदिर प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है. इस मामले में पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) तीन लोगों को आरोपी बनाते हुए करीब 1,000 पन्नों की चार्जशीट अदालत में दाखिल कर चुकी . वहीं, उत्तराखंड सरकार की ओर से गठित उच्चस्तरीय जांच समिति ने भी करीब 300 पन्नों की रिपोर्ट शासन को सौंप दी है.

Read more!

इस रिपोर्ट में केवल कथित चोरी की घटना ही नहीं, बल्कि श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) की आंतरिक व्यवस्था, CCTV निगरानी, चढ़ावे की गणना, कर्मचारियों की तैनाती और वित्तीय रिकॉर्ड की पारदर्शिता से जुड़ी खामियों को भी सामने रखा गया है. समिति ने देश के 14 प्रमुख मंदिरों की व्यवस्थाओं का अध्ययन करने के बाद बदरीनाथ धाम में कई सुधार करने के सुझाव दिए हैं.

इस बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने जांच रिपोर्ट में कथित हेराफेरी के कम समय तक होने की बात पर सवाल उठाया है. उन्होंने पूछा है कि क्या कानून में कम समय तक अपराध करने वालों को कोई छूट देने का प्रावधान है? विस्तार से जानिए पूरी बात.

2 जुलाई को सामने आया था चढ़ावे में कथित हेराफेरी का मामला

बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित हेराफेरी का मामला 2 जुलाई 2026 को सामने आया था. मंदिर में श्रद्धालुओं की ओर से अर्पित की जाने वाली थाली भेंट की गणना के दौरान अनियमितताओं के आरोप लगे. इसके बाद शिकायत मंदिर समिति तक पहुंची और सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई. श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए और आंतरिक जांच शुरू कराई. 

प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने की बात सामने आने के बाद कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को निलंबित कर दिया गया. इसके बाद 8 जुलाई को मामले में FIR दर्ज की गई. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शासन ने इस प्रकरण की अलग से जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति का गठन भी किया.

CCTV फुटेज में चार दिन की गणना पर उठे सवाल

पुलिस जांच में 22 जून, 25 जून, 29 जून और 2 जुलाई को चढ़ावे की गणना से संबंधित CCTV फुटेज महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में सामने आए. पुलिस के अनुसार, इन चारों दिनों की रिकॉर्डिंग में आरोपी प्रमोद नौटियाल को कथित तौर पर गणना के दौरान नकदी छिपाते हुए देखा गया. जांच अधिकारियों ने पुराने CCTV रिकॉर्ड भी खंगालने की कोशिश की, लेकिन सीमित स्टोरेज क्षमता के कारण कुछ पुरानी रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं हो सकी. 

इसके बाद पुलिस ने CCTV के नेटवर्क वीडियो रिकॉर्डर (NVR) को कब्जे में लेकर पुराने डिजिटल फुटेज की फोरेंसिक जांच कराने की प्रक्रिया अपनाई. इस मामले में एक अहम सवाल यह भी उठा कि मंदिर जैसे संवेदनशील धार्मिक संस्थान में चढ़ावे की गणना से जुड़े CCTV रिकॉर्ड को लंबे समय तक सुरक्षित रखने की पर्याप्त व्यवस्था क्यों नहीं थी.

SIT ने दाखिल की करीब 1,000 पन्नों की चार्जशीट

मामले की जांच पूरी करने के बाद SIT ने अक्टूबर 2026 में करीब 1,000 पन्नों की चार्जशीट अदालत में दाखिल की. इसमें 50 गवाहों के बयान भी शामिल किए गए हैं. चार्जशीट में तीन लोगों को आरोपी बनाया गया है. पहले आरोपी प्रमोद नौटियाल मंदिर समिति में प्रोटोकॉल अधिकारी के रूप में कार्यरत थे और चढ़ावे की गणना से जुड़ी जिम्मेदारियां भी संभालते थे. उन पर गणना के दौरान नकदी और अन्य भेंट सामग्री की कथित हेराफेरी करने का आरोप है.

दूसरे आरोपी राजेंद्र सिंह चौहान मंदिर समिति में पूर्व मंदिर अधिकारी रह चुके हैं. अभियोजन पक्ष का आरोप है कि उन्होंने चढ़ावे की रकम के कथित गबन की साजिश में भूमिका निभाई. तीसरे आरोपी मनोज कुमार पर गणना के दौरान भेंट सामग्री चोरी करने और कुछ वस्तुओं को बेचने का आरोप है. पुलिस के अनुसार, उनके कब्जे से कथित चोरी की सामग्री और उसे बेचने से प्राप्त धनराशि बरामद की गई. 9 अक्टूबर को दाखिल चार्जशीट पर ज्योतिर्मठ की अदालत ने संज्ञान लेते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ न्यायिक कार्यवाही आगे बढ़ाने के निर्देश दिए.

प्रमोद नौटियाल को हाईकोर्ट से मिली सशर्त जमानत

इस मामले में 6 नवंबर 2026 को एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया. उत्तराखंड हाईकोर्ट ने आरोपी प्रमोद नौटियाल को सशर्त जमानत दे दी. अदालत में बचाव पक्ष ने बरामदगी और संबंधित स्थान की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठाए थे. हाईकोर्ट ने मामले की परिस्थितियों और जांच की स्थिति पर विचार करने के बाद उन्हें जमानत प्रदान की.

300 पन्नों की रिपोर्ट में मंदिर प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर सवाल

चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले की जांच के लिए गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति गठित की गई थी. समिति ने मंदिर समिति के अधिकारियों और कर्मचारियों समेत 20 से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए. इसके अलावा CCTV फुटेज, डिजिटल रिकॉर्ड और चढ़ावे की गणना से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया गया.

24 नवंबर को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, समिति ने करीब 300 पन्नों की जांच रिपोर्ट शासन को सौंप दी है. रिपोर्ट का एक महत्वपूर्ण निष्कर्ष यह बताया गया है कि चढ़ावे में कथित हेराफेरी लंबे समय तक लगातार नहीं हो रही थी, बल्कि अपेक्षाकृत कम समय के दौरान हुई थी. हालांकि, समिति ने मंदिर की चढ़ावा प्रबंधन व्यवस्था में सुधार की जरूरत भी बताई है. इसी उद्देश्य से देश के 14 बड़े मंदिरों की व्यवस्थाओं का अध्ययन किया गया, ताकि वहां अपनाई जा रही प्रक्रियाओं के आधार पर बदरीनाथ धाम में भी पारदर्शिता और निगरानी को बेहतर बनाया जा सके.

कांग्रेस ने उठाया सवाल- क्या कम समय तक अपराध करने पर मिलती है छूट?

जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने SIT की कार्यप्रणाली और जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं. गोदियाल ने कहा कि क्या कानून में कम समय के लिए अपराध करने वालों को कोई छूट देने का प्रावधान है? उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार की मंशा SIT के माध्यम से ऐसा रास्ता निकालने की दिखाई दे रही है, जिससे यह साबित करने का प्रयास हो कि अपराध कम समय के लिए हुआ, इसलिए उसे गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है.

उन्होंने कहा कि कम समय के लिए अपराध करने वालों को छूट वही व्यक्ति दे सकता है, जो खुद बड़ा अपराधी हो. गोदियाल ने प्रदेश की व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि प्रदेश में हर डाल पर उल्लू बैठा है और व्यवस्था का हाल बेहाल है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब सरकार के मुखिया ही प्रदेश को लूटने में लगे हों, तो कम समय में चोरी करने वालों के लिए इस तरह के नियम बनाकर केवल पैसों के लेन-देन को प्राथमिकता दी जाएगी. गोदियाल ने यह भी कहा, 'मैं अभी एसआईटी की पूरी कार्यप्रणाली और उसकी निष्पक्षता देखूंगा. इसके बाद ही विस्तार से और स्पष्ट रूप से आप सबके बीच अपनी बात रखूंगा.'

तिरुपति और वैष्णो देवी समेत 14 मंदिरों की व्यवस्था का अध्ययन

उच्चस्तरीय जांच समिति ने बदरीनाथ धाम की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए देश के 14 प्रमुख धार्मिक स्थलों का अध्ययन किया. इनमें तिरुपति बालाजी, वैष्णो देवी, काशी विश्वनाथ, महाकालेश्वर, जगन्नाथ पुरी और स्वर्ण मंदिर जैसे प्रमुख मंदिर शामिल हैं. समिति ने इन धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे की गणना, सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों की निगरानी और धनराशि को बैंक खातों में जमा कराने की प्रक्रिया को समझा. इसके आधार पर बदरीनाथ धाम के लिए कई अहम सुझाव दिए गए हैं.

रिपोर्ट में प्रमुख रूप से इन सुधारों की सिफारिश की गई है:

  • - चढ़ावे की गणना के लिए कांच की दीवारों वाला पारदर्शी कक्ष बनाया जाए.
  • - गणना कक्ष में 360 डिग्री CCTV कैमरे लगाए जाएं.
  • - गणना में शामिल कर्मचारियों के लिए बिना जेब वाले निर्धारित वस्त्र रखे जाएं.
  • - प्रवेश और निकास के दौरान कर्मचारियों की सख्त तलाशी की व्यवस्था हो.
  • - नकदी गिनने के लिए आधुनिक मशीनों का इस्तेमाल किया जाए.
  • - बैंक अधिकारियों की मौजूदगी में धनराशि का सत्यापन कराया जाए.
  • - सोने-चांदी के आभूषणों का अलग से वजन और शुद्धता परीक्षण हो.
  • - विदेशी मुद्रा के लिए अलग रिकॉर्डिंग व्यवस्था बनाई जाए.

इन सुझावों का उद्देश्य चढ़ावे की गणना से लेकर धनराशि जमा कराने तक की पूरी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और निगरानी के दायरे में लाना है.

मंदिर समिति की जवाबदेही पर भी उठे सवाल

इस पूरे मामले ने श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की प्रशासनिक व्यवस्था को भी सवालों के घेरे में ला दिया है. चढ़ावे की गणना में कर्मचारियों की भूमिका, रजिस्टर में कथित ओवरराइटिंग, CCTV रिकॉर्ड की उपलब्धता और गणना के बाद धनराशि जमा कराने की प्रक्रिया जैसे कई पहलुओं पर सवाल उठे हैं. मामले के दौरान गणना केंद्र के कोषाध्यक्ष संदीश मेहता को भी उनकी जिम्मेदारी से हटा दिया गया था. हालांकि, मंदिर समिति के CEO ने स्पष्ट किया था कि मेहता के खिलाफ वित्तीय अनियमितता प्रमाणित नहीं हुई थी. उन्हें गणना और वजन प्रक्रिया में कमियां पाए जाने के कारण जिम्मेदारी से हटाया गया था.

अब सबसे बड़ा सवाल- चढ़ावे का पूरा हिसाब कब होगा सार्वजनिक?

बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित हेराफेरी का मामला केवल तीन कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई तक सीमित नहीं है. यह मंदिर की पूरी चढ़ावा प्रबंधन व्यवस्था और उसकी जवाबदेही से जुड़ा सवाल बन गया है. श्रद्धालुओं की ओर से भगवान बदरीविशाल को अर्पित की गई धनराशि और भेंट सामग्री का पूरा हिसाब पारदर्शी तरीके से सामने आना जरूरी है. अब सरकार और मंदिर समिति के सामने सबसे बड़ी चुनौती जांच में सामने आई कमियों को दूर करने और सुझाए गए सुधारों को लागू करने की है.

ऐसे में सवाल यह है कि मंदिर समिति चढ़ावे की गणना और उसके रिकॉर्ड को पारदर्शी बनाने के लिए ठोस कदम कब उठाएगी और श्रद्धालुओं को चढ़ावे का पूरा हिसाब कब सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराया जाएगा?

Kainchi Dham New Rules: कैंची धाम में 50 हजार श्रद्धालु पहुंचे तो जागा प्रशासन... अब भक्तों के लिए लागू होने जा रहा ये बड़ा नियम