Police Vs Army in Badrinath : उत्तराखंड के प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में यातायात और कांवड़ यात्रा की व्यवस्था के दौरान पुलिस और सेना के जवानों के बीच विवाद का मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड जवान और सेना के मेजर के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई. देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला इतना गंभीर हो गया कि पुलिस ने सेना के अधिकारी समेत अन्य जवानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया. जानिए क्या है पूरा मामला और क्यों हुआ यह विवाद?
ADVERTISEMENT
जानें क्याें शुरू हुआ था विवाद?
यह पूरा मामला 8 अगस्त का है. बद्रीनाथ धाम में कांवड़ियों और आम श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारू रखने के लिए होमगार्ड जवान दिनेश की ड्यूटी लगी थी. दिनेश सड़क पर वाहनों को रोककर यातायात व्यवस्था बना रहा था. इसी दौरान वहां से गुजर रहे सेना के मेजर अनमोल प्रीत सिंह के साथ उसकी कहासुनी हो गई. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद काफी बढ़ गया.
मौके पर पहुंची चीता पुलिस, हुई धक्का-मुक्की
आरोप है कि कहासुनी के दौरान होमगार्ड जवान के साथ मारपीट की गई. इसके बाद सैन्य अधिकारी ने कुछ अन्य जवानों को मौके पर बुला लिया और होमगार्ड को वाहन में ले जाने की कोशिश की. माहौल बिगड़ता देख चीता पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बीच-बचाव किया. इस दौरान पुलिस और सेना के जवानों के बीच तीखी धक्का-मुक्की भी देखने को मिली.
मेजर समेत 10-15 जवानों पर मुकदमा दर्ज
घटना के बाद पुलिस कांस्टेबल विजय सिंह ने मामले की लिखित शिकायत दी. इस तहरीर के आधार पर शनिवार रात 10:25 बजे थाना बद्रीनाथ में एफआईआर दर्ज की गई. पुलिस के अनुसार, मुकदमा संख्या 11/2026 के तहत मेजर अनमोल प्रीत सिंह और 10 से 15 अन्य अज्ञात सैन्य जवानों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT


