Badrinath Donation Case: बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में SIT ने बड़ा एक्शन लिया है. SIT ने BKTC अध्यक्ष के निजी सचिव प्रमोद नौटियाल को हिरासत में लिया है. प्रमोद नौटियाल को रविवार देर शाम करीब 8 बजे राजधानी देहरादून से पकड़ा गया. इसके बाद SIT की टीम आरोपी को लेकर बद्रीनाथ धाम पहुंची है. आपको बता दें कि प्रमोद नौटियाल के पास मंदिर प्रबंधन की बेहद अहम जिम्मेदारियां थी. वे बद्रीनाथ धाम में आने वाले चढ़ावे और दान की व्यवस्था को संभालने वाले मुख्य अधिकारी थे. उनके पास दान की गिनती करने वाली थाली भेंट गणना समिति की सदस्यता थी. इसके अलावा वे प्रोटोकॉल अधिकारी के रूप में भी काम कर रहे थे. मंदिर का चढ़ावा और दान सुरक्षित रखने की सीधी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी.
ADVERTISEMENT
सीसीटीवी फुटेज से खुला चोरी का राज
प्रमोद नौटियाल का नाम इस विवाद में तब सामने आया जब मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की गई. मंदिर समिति के नोटिस के मुताबिक, यह गड़बड़ी 2 जुलाई 2026 को पकड़ी गई थी. सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि प्रमोद नौटियाल थाली भेंट गणना वाले स्थान पर बैठकर दान की सामान्य रूप से गिनती करने के बजाय, कुछ संदिग्ध चीजें अपने मोबाइल फोन के साथ छिपाकर अपने पास रख रहे थे.
कई और अधिकारियों से हो सकती है पूछताछ
प्रमोद नौटियाल पर हुई इस कार्रवाई के बाद बद्रीनाथ धाम मंदिर समिति से जुड़े अन्य पदाधिकारियों और कर्मचारियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, चढ़ावा चोरी के इस मामले में SIT आने वाले दिनों में कुछ अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में ले सकती है.
हिंदू संगठनों के विरोध के बाद मुख्यमंत्री ने दिए थे आदेश
इस पूरे विवाद की शुरुआत 3 जुलाई को हुई थी, जब भैरव सेना नामक एक हिंदू संगठन ने बद्रीनाथ मंदिर के भीतर चढ़ावे में बड़ी चोरी होने के गंभीर आरोप लगाए थे. मामला तूल पकड़ने पर शुरुआत में बीकेटीसी के अध्यक्ष ने 4 सदस्यों वाली एक शुरुआती जांच समिति का गठन किया था. लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीधे SIT जांच के आदेश दे दिए. अब शासन स्तर से बनाई गई यह नई हाई लेवल कमेटी पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT


