Chakrata leopard attack Viral video : उत्तराखंड के पहाड़ों पर गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला देहरादून के चकराता का है. यहां मसूरी-त्यूणी हाईवे पर बाइक से सफर कर रहे दो दोस्तों पर अचानक एक गुलदार ने हमला कर दिया. हालांकि, गनीमत रही कि युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए बाइक की स्पीड बढ़ा ली, जिससे उसने अपनी और अपने दोस्त की जान बचा ली. घटना के समय पीछे बैठ युवक वीडियो रील बना रहा था, ऐसे में ये वीडियो उनके मोबाइल में कैद हो गई जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. चालिए खबर में जानते हैं पूरा घटनाक्रम...
ADVERTISEMENT
सफर के दौरान अचानक सामने आया गुलदार
यह डरावनी घटना चकराता वन प्रभाग के बावर रेंज में चिलहाड गांव के पास हुई. दरअसल, बाणाधार के रहने वाले खजान सिंह अपने दोस्त तेग सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर दारागाड़ की तरफ जा रहे थे. दोनों दोस्त सफर का लुत्फ उठा रहे थे. इस बीच पीछे बैठे तेग सिंह मोबाइल से वीडियो बनाने लगे. इस बीच अचानक सड़क किनारे झाड़ियों में छिपे गुलदार ने उनकी चलती बाइक पर झपट्टा मार दिया. वीडियो में साफ दिख रहा है कि गुलदार उन पर हमला कर रहा है.
रील बनाने के चक्कर में कैद हुआ लाइव हमला
सोशल मीडिया पर अब इस हमले का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि बाइक सवार ने जैसे ही सड़क किनारे गुलदार को देखा उसने खतरे को भांपते हुए फौरन बाइक की स्पीड बढ़ा दी. इसके बाद दोनों जोर जोर से चिल्लाने लगे. यहां अगर बाइक की रफ्तार थोड़ी भी कम होती तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी. अब वीडियो सामने आने के बाद ये इलाके के लोगों के बीच दहशत का कारण बना हुआ है.
वन विभाग ने की सावधानी बरतने की अपील
इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों में भारी डर का माहौल है. लोग अब इस रास्ते से गुजरने में कतरा रहे हैं. घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम हरकत में आ गई है. विभाग ने प्रभावित इलाके में गश्त बढ़ा दी है और हाईवे पर सफर करने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: कौन हैं अनुराग डोभाल की पत्नी रितिका चौहान? जो कभी थी यूट्युबर की क्रेजी फैन अब हो गईं अलग
ADVERTISEMENT


