चमोली में आधी रात हुआ तेज धमाका, चट्टान से टूटकर विशाल बोल्डर घर की छत को तोड़कर बेडरूम में गिरा, वीडियो होश उड़ा देगा!

Chamoli Boulder Incident: उत्तराखंड के चमोली जिले के पुलना गांव में आधी रात एक विशाल बोल्डर घर की छत तोड़कर बेडरूम में गिर गया. यह घटना हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर हुई, जिसमें पूरा परिवार बाल-बाल बच गया. घटना के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू किया. वहीं इस घटना का वीडियो भी सामने आया है.

Chamoli Boulder Incident
Chamoli Boulder Incident

कमल नयन सिलोड़ी

follow google news

उत्तराखंड के चमोली जिले में मंगलवार की देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया है. चमोली जिले के हेमकुंड साहिब यात्रा के प्रसिद्ध पैदल मार्ग पर स्थित पुलना गांव के एक घर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब आधी रात को तेज धमाका हुआ. धमाके की आवाज से परिवार उठा तो उनके होश उड़ गए क्योंकि वे जिस बेड पर सो रहे थे उसके बगल में ही एक विशाल बोल्डर(बड़ा पत्थर) नीचे गिरा हुआ था. पत्थर गिरने की आवाज इतनी तेज थी की परिवार के साथ-साथ इलाके में भी हड़कंप मच गया. विस्तार से जानिए इस रूह कंपा देने वाले मामले की पूरी कहानी.

Read more!

घर को चीरते हुए बोल्डर गिरा अंदर

मिली जानकारी के मुताबिक पुलना गांव में प्रकाश नेगी, अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ रहते है. मंगलवार रात परिवार खाना-पीना करके सोने चला गया. तभी रात को करीब 1:30 बजे अचानक से तेज धमाका हुआ, जिससे परिवार के होश उड़ गए. धमाके की आवाज से परिवार जब उठा तो उन्होंने देखा कि विशाल बोल्डर ने छत के कुछ भाग को चीरते हुए उनके बेड के पास गिरा पड़ा है. विशाल बोल्डर को देखकर यह साफ लग रहा था कि वह किसी बड़े चट्टान का एक हिस्सा है.

यहां देखे वीडियो

आसपास के लोगों ने की मदद 

गनीमत यह रही कि इस हादसे में प्रकाश नेगी, उनकी पत्नी और दो छोटे बच्चे सुरक्षित है और किसी को भी चोट नहीं आई है. हालांकि बोल्डर गिरने की तेज आवाज ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया और लोग आनन-फानन में परिवार के मदद के लिए पहुंचे. फिर स्थानीय लोगों की मदद से प्रकाश नेगी के परिवार को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया. फिलहाल परिवार को पंचायती भवन में ठहराया गया है, क्योंकि घर की स्थिति अभी रहने लायक नहीं है.

परिवार लगा रहा गुहार

इस मामले में प्रकाश नेगी और उनकी पत्नी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह पूरी कहानी बता रहे है और प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे है. प्रकाश नेगी ने कहा कि रात को पूरा परिवार सो रहा था तभी बहुत बड़ा पत्थर आया. बहुत मुश्किलों से हम बाहर निकले और यहां पर रहने लायक नहीं है. उन्होंने आगे कहा कि बहुत जबरदस्ती से शासन प्रशासन ने हमें यहां बसाया लेकिन आज यह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. मैं प्रशासन से निवेदन करता हूं कि हमें कहीं अच्छी जगह बसाया जाए.

जोशीमठ के एसडीएम ने बताई ये बात

वहीं हादसे की जानकारी मिलने के बाद राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और वहां स्थिति का जायजा ले रही है. जोशीमठ के एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने मामले में कहा कि हमारी टीम गांव में पहुंच चुकी है और नुकसान का पूरा आकलन लगाया जा रहा है. टीम की रिपोर्ट मिलने के बाद पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सहायता दी जाएगी.

पुलना गांव हेमकुंड साहिब और वैली ऑफ फ्लावर्स जैसे प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों के रास्ते में पड़ता है, जहां हर साल हजारों श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं. इस क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटनाएं मौसम और भूगर्भीय कारणों से कभी-कभार होती रहती हैं. प्रशासन ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि केदारनाथ धाम में गैर हिंदुओं के बैन के बाद कैसे होगी सारा अली खान की एंट्री, बयान के बाद मचा बवाल

    follow google news