Karnprayag Pilgrim Viral Video: चमोली जिले के कर्णप्रयाग में सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच मामूली कहासुनी एक बड़े विवाद में बदल गई. विवाद इतना बड़ा कि सिख श्रद्धालुओं ने स्थानीय लोगों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया. इस हिंसक झड़प में चार स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया. वहीं घटना से नाराज स्थानीय व्यापारियों ने बद्रीनाथ हाईवे को जाम कर दिया है. मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनपर मुकदमा दर्ज कर दिया. वही, अब मामले में हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के मैनेजर सेवा सिंह ने सभी श्रद्धालुओं और संगतों से शांति बनाए रखने की अपील की है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, यह पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब हेमकुंड साहिब से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों की कर्णप्रयाग बाजार के निवासी प्रकाश रावत के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. बहस इतनी बढ़ गई कि दो निहंग यात्रियों ने प्रकाश रावत पर धारदार हथियार से हमला कर दिया.इस बीच वहां मौजूद स्थानीय लोग बीच-बचाव करने के लिए आगे आए. लेकिन आरोप है कि दो अन्य निहंग यात्रियों ने उन पर भी हमला बोल दिया. इस हमले में कुल चार स्थानीय लोग घायल हो गए. इसके बाद मौके पर माहौल तनावपूर्ण हाे गया.
एक घायल को एयर एंबुलेंस से भेजा देहरादून
इस हिंसक झड़प में घायल हुए लोगों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. घायलों में से एक व्यक्ति की गंभीर हालत को देखते हुए उसे उपचार के लिए एयर एंबुलेंस से देहरादून भेजा गया है.वहीं दूसरी अन्य तीन घायलों की स्थिति फिलहाल सामान्य बनी हुई है.
गुस्साए लोगों ने बद्रीनाथ हाईवे पर लगाया जाम
इस घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया. गुस्साए लोगों ने बद्रीनाथ हाईवे पर जाम लगा दिया. इसके साथ ही कुछ लोगों ने पंचपुलिया में भी चक्काजाम कर दिया. इलाके में बढ़ते तनाव और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा बड़ा दी है. इसके साथ ही अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है.
पुलिस ने चार आारोपियों को हिरासत में लिया
मामले में अब पुलिस ने हमला करने वाले चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है. पीड़ित गजपाल सिंह की तहरीर के आधार पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा दर्ज किया गया है. मामले की जानकारी देते हुए चमोली के एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ट्रस्ट के मैनेजर ने श्रद्धालुओं से की ये अपील
इस गंभीर घटना के बाद चमोली हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के मैनेजर सेवा सिंह ने सभी श्रद्धालुओं और संगतों से शांति बनाए रखने की अपील की है. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अपनी शांति और सर्वधर्म के सम्मान के लिए जाना जाता है, इसलिए यात्रा के दौरान कानून हाथ में न लें. उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आजकल यात्रा में लोग बड़े-बड़े हथियार लेकर चल रहे हैं जिससे स्थानीय लोगों में डर का माहौल बनता है. उन्होंने कहा कि रास्तों में विवाद होने पर हथियारों का प्रदर्शन करना सिखों को शोभा नहीं देता, सभी लोग शांति से गुरु का जाप और सेवा करें.
ADVERTISEMENT


