Chardham yatra helicopter booking scam: उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 की शुरुआत 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर होने जा रही है. सबसे पहले यमुनोत्री और गंगोत्री के कपाट खुलेंगे, जिसके बाद केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे. इसको लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हैं और ग्राउंड लेवल से लेकर डिजिटल प्लेटफॉर्म तक नजर रखी जा रही है. इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय के साइबर विंग Indian Cyber Crime Coordination Centre (I4C)ने ऑनलाइन बुकिंग को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है.
ADVERTISEMENT
दरअसल, साइबर अपराधी चारधाम यात्रा के नाम पर फर्जी हेलीकॉप्टर बुकिंग के जरिए लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं. इस पर एक्शन लेते हुए उत्तराखंड पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ा है. इसके तहत कई फेसबुक पेज, इंस्टाग्राम अकाउंट, मोबाइल नंबर और कई संदिग्ध बैंक खातों को भी फ्रीज किया गया है. पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे आफिसियल वेबसाइट से ही अपना रजिस्ट्रेशन करवाए.
ऐसे बनाते थे लाेगों ठगी का शिकार?
दरअसल, साइबर अपराधी ठगी के लिए बिल्कुल असली जैसी दिखने वाली वेबसाइट और सोशल मीडिया पेज का सहारा ले रहे हैं. ये जालसाज गूगल सर्च इंजन में अपनी फर्जी वेबसाइट को सबसे ऊपर रैंक कराते हैं ताकि लोग भ्रमित हो जाएं. एक बार जब यात्री इन साइट्स पर क्लिक करता है तो उसे लुभाने के लिए VIP एक्सेस और आखिरी स्लॉट बुकिंग का दबाव बनाया जाता है. अपराधी व्हाट्सएप पर फर्जी ID कार्ड भेजकर यात्रियों का भरोसा जीतते हैं और फिर UPI ID या QR कोड के माध्यम से पैसे वसूल लेते हैं. अंत में श्रद्धालुओं को फर्जी टिकट थमा दिए जाते हैं जो यात्रा स्थल पर पहुंचने पर अवैध पाए जाते हैं.
111 फेसबुक पेज, 16 से इंस्टाग्राम अकाउंट... किए ब्लॉक
गृह मंत्रालय की I4C विंग के निर्देश पर उत्तराखंड पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ा है. पुलिस ने अब तक 300 से अधिक संदिग्ध वेबसाइट, सोशल मीडिया अकाउंट और मोबाइल नंबरों को ब्लॉक किया है. इस कार्रवाई के लिए उत्तराखंड में साइबर फ्रॉड कॉम्बैट फोर्स का गठन किया गया है. पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, 111 संदिग्ध फेसबुक पेज और 16 से अधिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर कार्रवाई की गई है. साथ ही ठगी में इस्तेमाल हो रहे 110 से अधिक मोबाइल नंबरों और कई संदिग्ध बैंक खातों को भी फ्रीज करने की प्रक्रिया चल रही है.
जज को बनाया ठगी का शिकार
आपको बता दें कि हेलीकॉप्टर बुकिंग का ये जाल कितना खतरनाक है इसमें मध्य प्रदेश के जबलपुर के एक जज भी इसका शिकार हो गए. उन्होंने चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन ऐड देखा था, जिसके बाद जालसाजों ने व्हाट्सएप पर यात्रा का विवरण भेजकर उनसे पैसे की मांग की. जज ने टिकट और अन्य बुकिंग के लिए जालसाजों के खाते में 1 लाख 7 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए. ठगी का अहसास होने पर इस मामले में FIR दर्ज कराई गई है. फिलहाल पुलिस अब उन बैंक खातों की जांच कर रही है जिनमें पैसा भेजा गया था.
इस पोर्टल पर ही कराएं अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
चारधाम यात्रा के लिए सुरक्षित रहने का सबसे आसान तरीका यह है कि आप केवल सरकार द्वारा जारी आधिकारिक पोर्टल पर ही भरोसा करें. यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 6 मार्च से शुरू हो चुके हैं. श्रद्धालु अपना रजिस्ट्रेशन उत्तराखंड सरकार की आधिकारिक वेबसाइट https://registrationandtouristcare.uk.gov.in/ पर जाकर कर सकते हैं. किसी भी निजी व्यक्ति या सोशल मीडिया पर दिखने वाले अनजान विज्ञापनों के जरिए पेमेंट करने से बचें. याद रखें कि हेलीकॉप्टर बुकिंग के लिए सीधे क्यूआर कोड या अनजान नंबर पर पैसा भेजना आपको बड़े आर्थिक नुकसान में डाल सकता है.
यह भी पढ़ें: केदारनाथ हेलीकॉप्टर जाना चाहते हैं तो पहले जान लें ये जरूरी नियम, वरना नहीं मिलेगा टिकट
ADVERTISEMENT


