CM Yogi Mother Death: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में निधन हो गया है. उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में उन्होंने अंतिम सांस ली. यह वही गांव है, जहां योगी आदित्यनाथ का बचपन बीता और जहां उनका परिवार आज भी जुड़ा हुआ है. मां के निधन से पहले योगी आदित्यनाथ उनसे मिलने अपने पैतृक गांव भी पहुंचे थे. जून 2024 में उन्होंने ऋषिकेश एम्स जाकर भी अपनी मां का हालचाल जाना था.
ADVERTISEMENT
पंचूर गांव में रहता है योगी आदित्यनाथ का परिवार
सावित्री देवी उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव में रहती थीं. यही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पैतृक गांव है. उम्र से जुड़ी बीमारियों के चलते शुक्रवार को उनका निधन हो गया. योगी आदित्यनाथ का बचपन भी इसी गांव में बीता है.
मई 2022 में मां से मिलने पहुंचे थे सीएम योगी
मुख्यमंत्री बनने के बाद मई 2022 में योगी आदित्यनाथ लंबे समय के बाद अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने अपनी मां सावित्री देवी से मुलाकात की थी. मां के पास पहुंचकर उन्होंने उनके पैर छुए और आशीर्वाद लिया था. यह मुलाकात काफी समय बाद हुई थी.
जून 2024 में ऋषिकेश एम्स में मां का जाना था हाल
जून 2024 में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड पहुंचे थे. उस दौरान उनकी मां सावित्री देवी ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती थीं. योगी आदित्यनाथ अस्पताल पहुंचे और मां से मुलाकात की. उन्होंने उनका हालचाल जाना और डॉक्टरों से स्वास्थ्य की जानकारी ली.
सीएम योगी कुछ देर तक मां के पास रुके और उनसे बातचीत की. इसके बाद वह अस्पताल से रवाना हो गए थे. सावित्री देवी इलाज के लिए एम्स पहुंची थीं. जांच के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी. आंखों की जांच के लिए उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
सीएम धामी ने जताया दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सावित्री देवी के निधन पर दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. सीएम धामी ने लिखा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी के निधन का समाचार बेहद दुखद और हृदयविदारक है. उन्होंने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है. उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की. साथ ही योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की कामना की.
ADVERTISEMENT


