देहरादून: तिब्बती मार्केट के पास अर्जुन शर्मा हत्याकांड में आरोपी गिरफ्तार, सामने आया 15 लाख की सुपारी और बड़े नामों का कनेक्शन

राजधानी देहरादून में हुए सनसनीखेज अर्जुन शर्मा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. देर रात हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दो शूटर भाइयों को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में 15 लाख रुपये की सुपारी और एक रसूखदार डॉक्टर का नाम सामने आने से हड़कंप मच गया है.

Dehradun Arjun Sharma Murder
Dehradun Arjun Sharma Murder

सागर शर्मा

follow google news

Dehradun Arjun Sharma Murder: देहरादून के तिब्बती मार्केट के सामने दिनदहाड़े हुए अर्जुन शर्मा हत्याकांड ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया है. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे. अब इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देर रात बदमाशों को मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया है. पुलिस और शूटरों के बीच हुई इस फायरिंग में दो सगे भाई को गोली लगी है, जिससे वे घायल हो गए हैं. पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया है. वहीं अब मामले को कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं.

Read more!

दरअसल, देहरादून के तिब्बती मार्केट के पास दिनदहाड़े व्यापारी अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वह परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने पहुंचे थे. इस दौरान स्कूटी सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी. इसके बाद वे मौके से फरार हो गए थे. गोली लगते ही उनकी मौके पर मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू की. शहरभर में चेकिंग अभियान चलाया गया. 

देर रात हुआ एनकाउंटर 

अरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम की देर रात बदमाशों से भिड़ंत हो गई. पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी राजू उर्फ राजू राणा के दाहिने पैर में गोली लगी. पुलिस ने मौके से दो सगे भाइयों, राजू राणा और पंकज राणा को गिरफ्तार किया है. यह मुठभेड़ डोईवाला इलाके के पास हुई.

15 लाख की सुपारी और पुराना आपराधिक इतिहास

पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. आरोपियों ने कबूल किया है कि अर्जुन शर्मा की हत्या के लिए 12 से 15 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था. एसएसपी देहरादून अजय सिंह के मुताबिक, मुख्य आरोपी राजू राणा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. वह साल 1997 में अपने सौतेले पिता की हत्या के मामले में भी जेल जा चुका है. वर्तमान में आरोपी राजू ई-रिक्शा चलाकर अपनी पहचान छिपाए हुए था.

हत्याकांड के पीछे डॉक्टर और बड़े नामों का कनेक्शन

पुलिस की शुरुआती जांच में इस हत्याकांड के तार शहर के कुछ प्रभावशाली लोगों से जुड़ते दिख रहे हैं. घायल आरोपियों ने पूछताछ में देहरादून के एक डॉक्टर का नाम लिया है. वहीं, मृतक अर्जुन शर्मा की पत्नी ने पुलिस को दी तहरीर में कई रसूखदार लोगों के नामजद होने का दावा किया है. सूत्रों के मुताबिक, पंकज और राजू ने पुलिस को उन सफेदपोश चेहरों के बारे में बताया है जिन्होंने इस मर्डर की सुपारी दी थी.

एसएसपी का बयान और आगे की कार्रवाई

वहीं एसएसपी देहरादून अजय सिंह खुद कोरोनेशन अस्पताल पहुंचकर मामले की अपडेट ली. एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में कई महत्वपूर्ण नाम उगले हैं. उनकी भूमिका की जांच की जा रही है. पुलिस अब इस बात की कड़ियों को जोड़ रही है कि हत्या की इस सुपारी के पीछे असली मास्टरमाइंड कौन है. इस मामले में कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां होने की संभावना है.

यह भी पढ़ें: देहरादून: स्कूल में छात्राें से बात कर रही रेशमा को समझा किडनैपर, लेकिन पुलिस जांच में ऐसे पलट गई पूरी कहानी

 

    follow google news