अलमारी खोली, नगदी-गहने समेटे और हो गया फरार... देहरादून में BJP पार्षद के घर लाखों की लूट, जानें चाय से कैसे हुआ बड़ा कांड

सागर शर्मा

• 07:31 PM • 30 Sep 2026

Dehradun News: देहरादून के वसंत विहार में भाजपा पार्षद के घर बड़ी वारदात सामने आई है. दिल्ली की ऑनलाइन एजेंसी से रखे गए नेपाली नौकर ने परिवार को नशीला पदार्थ पिलाकर लाखों का कैश और सोना पार कर दिया. अचेत परिवार अस्पताल में भर्ती है और पुलिस सीसीटीवी के आधार पर जांच कर रही है.

देहरादून में पार्षद के घर लाखों की चोरी 
देहरादून में पार्षद के घर लाखों की चोरी
Google CTA

Dehradun News: देहरादून के वसंत विहार थाना क्षेत्र में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहाँ भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर में लाखों की लूट हुई है. घर में काम करने वाले नौकर ने ही इस पूरी वारदात को अंजाम दिया. आरोपी ने पहले परिवार के लोगों को कोई नशीला पेय पिलाया. जब सब बेहोश हो गए, तो उसने लाखों का कैश और कीमती जेवर साफ कर दिए.

Read more!

नशीला पदार्थ पीने के बाद परिवार के सदस्यों की हालत अचानक बिगड़ने लगी. पीड़िता पार्षद अमिता सिंह, उनके पति महिपाल सिंह और बेटे शुभम को तुरंत इलाज के लिए सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया. तीनों की हालत नाजुक बताई जा रही है. अस्पताल में उनका इलाज जारी है.

दिल्ली की एजेंसी से हुआ था संपर्क

शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी नौकर नेपाली मूल का है. पार्षद की बेटी मेघा, जो दिल्ली में रहती हैं, उन्होंने लगभग 25 दिन पहले एक ऑनलाइन एजेंसी के माध्यम से इसे काम पर रखा था. ऑनलाइन जानकारी जुटाने के बाद उसे घरेलू काम सौंपा गया था. इतने कम समय में ही उसने सबका भरोसा जीत लिया था.

सीसीटीवी में कैद हुई आरोपी की करतूत

घटना के बाद का एक सीसीटीवी फुटेज तेजी से वायरल हो रहा है. फुटेज में नौकर घर के अंदर घूमता हुआ दिखाई दे रहा है. इसके बाद वह अलमारी खोलकर कैश और गहने चुराता नजर आता है. फुटेज में कुछ अन्य लोग भी घर में दाखिल होते दिख रहे हैं. पुलिस अब इन फुटेज की गहराई से पड़ताल कर रही है.

यह पढ़ें: बद्रीनाथ: कल्चरल फेस्टिवल छिड़ी नई रार! अब पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के बयना पर भड़के तीर्थ पुरोहित, जानें उन्होंने क्या कहा?

पुलिस अधिकारी का बयान और जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग तुरंत हरकत में आ गया. एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि रात लगभग डेढ़ बजे वसंत विहार थाने को घटना की सूचना मिली थी. इसके बाद नाइट्स ऑफिसर और एफएसएल (FSL) की टीम ने मौके का मुआयना किया. उन्होंने पुष्टि की कि परिवार को पेय पदार्थ में कुछ मिलाकर दिया गया था.

तलाश में जुटी पुलिस की 3 टीमें

पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया है. क्षेत्राधिकारी (CO) सदर इस पूरे मामले की कमान संभाल रहे हैं. पुलिस आरोपी नौकर के मोबाइल नंबर, ऑनलाइन संपर्क और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है. पुलिस का दावा है कि उनके पास कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: पौड़ी: जिस गांव से देश को मिले NSA अजीत डोभाल, वहां टिन शेड में पढ़ने को मजबूर बच्चे.. आखिर कब बनेगा स्कूल?