Dehradun News: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में एक बेहद ही खौफनाक मामला सामने आया है. यहां सुबह-सुबह हुई एक वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. महज 27 साल की एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस वारदात को किसी गैर ने नहीं, बल्कि मृतका के पति ने ही अंजाम दिया है. घटना के तुरंत बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोग दहशत में आ गए.
ADVERTISEMENT
आपसी विवाद और तलाक की बात
मिली जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान काजल के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 27 वर्ष थी. बताया जा रहा है कि काजल और उसके पति धीरज के बीच पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. दोनों के रिश्ते में कड़वाहट इस हद तक बढ़ चुकी थी कि वे जल्द ही एक-दूसरे से तलाक लेने वाले थे. इसी बीच सुबह पति धीरज ने काजल के सिर में गोली दागकर उसकी जीवनलीला समाप्त कर दी.
वारदात के बाद आरोपी फरार
हैरानी की बात यह रही कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने खुद पुलिस को मामले की जानकारी दी. हालांकि, इसके तुरंत बाद वह मौके से रफूचक्कर हो गया. सूचना मिलते ही क्लेमेनटाउन थाना पुलिस और एसओजी (SOG) की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने पूरे मौके का जायजा लिया और मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत तफ्तीश शुरू कर दी.
जांच में जुटी फोरेंसिक टीम
मामले की तह तक जाने के लिए मौके पर फोरेंसिक (FSL) टीम को भी बुलाया गया. फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस हर उस बिंदु को खंगाल रही है, जिससे हत्या के सही कारणों का पता लगाया जा सके. पुलिस की ओर से हर एंगल से पड़ताल की जा रही है.
पुलिस का क्या है कहना?
मामले की जानकारी देते हुए सीओ क्लेमेनटाउन अंकित कंडारी ने बताया कि आज सुबह कंट्रोल रूम के जरिए घटना की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम और एसओजी मौके पर पहुँची. मृतका के भाई अभिषेक ने बताया कि उसकी बहन काजल की हत्या उसके पति धीरज ने गोली मारकर की है. पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. इस मामले में क्लेमेनटाउन थाने में तुरंत केस दर्ज कर लिया गया है. आरोपी धीरज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: Uttarkashi: बीमार युवक को डंडी-कंडी पर लेकर निकले ग्रामीण, फिर 14 किलोमीटर का सफर ऐसे किया तय, देखें VIDEO
ADVERTISEMENT


