Dehradun Bar Controversy: देहरादून में शनिवार की देर रात राजपुर रोड स्थित रोमियो लेन बार में एक हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. यहां दो बड़े पुलिस अधिकारियों के बीच खींचतान की खबर सामने आई है. बताया जा रहा है कि जब पुलिस की टीम देर रात तक खुले बार को बंद कराने पहुंची तो वहां खुद आईजी गढ़वाल मौजूद थे. इसके बाद मौके पर एसएसपी को पहुंचना पड़ा और उन्होंने सख्ती दिखाते हुए बार को बंद करवाया. इस पूरी घटना के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है. आपको बता दें कि ब्रिगेडियर जोशी हत्याकांड के बाद से दून पुलिस सख्त है और लगातार शहर के पबों और बारों पर सख्ती बरती जा रही है.
ADVERTISEMENT
निर्धारित समय के बाद भी चल रही थी पार्टी
दरअसल, यह मामला राजपुर रोड के रोमियो लेन बार का है. यहां शनिवार रात करीब 1:00 बजे तक तेज संगीत बज रहा था और शराब परोसी जा रही थी. नियमों के मुताबिक बार बंद करने का समय रात 12 बजे तक तय है लेकिन यहां समय सीमा खत्म होने के बाद भी भारी भीड़ जुटी थी. सूचना मिलते ही एसपी सिटी प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बार खाली कराने की कोशिश शुरू की. इसी दौरान वहां आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप की मौजूदगी से स्थिति असहज हो गई.
IG के हस्तक्षेप के बाद SSP ने संभाली कमान
आरोप है कि जब पुलिस टीम कार्रवाई कर रही थी तब आईजी ने उसमें हस्तक्षेप किया जिससे कुछ देर के लिए काम रुक गया. इसकी जानकारी जब कप्तान यानी SSP प्रमोद डोभाल को मिली तो वो तुरंत खुद मौके पर पहुंचे. एसएसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए बार को तुरंत बंद कराया और वहां मौजूद संचालकों को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में समय सीमा का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में भी दर्ज हुई है.
IG राजीव स्वरूप ने दी अपनी सफाई
इस पूरे मामले पर आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने अपनी सफाई पेश की है. उन्होंने हमारे सहयोगी आज तक से फोन पर बातचीत में बताया कि वे अपने परिवार के साथ उस क्षेत्र से गुजर रहे थे. उन्होंने कहां कि ''मैंने वहां 7 थानों की पुलिस और भारी फोर्स तैनात होने पर नाराजगी जताई थी कि इतने लोगों की यहां क्या जरूरत है. लेट नाईट पार्टी करने के सवाल पर आईजी गढ़वाल ने कहा की मेरे बारे में गलत जानकारी प्रसारित की जारी है. वहीं इस मामले पर अभी तक एसएसपी की प्रतिक्रिया नहीं आई है और पब को देर रात खोले जाने पर जांच जारी है
पुलिस मुख्यालय ने 24 घंटे में मांगी रिपोर्ट
सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों में खबर आने के बाद उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय ने इस पर कड़ा संज्ञान लिया है. अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने आईजी गढ़वाल और एसएसपी देहरादून दोनों से इस पूरे घटनाक्रम पर स्पष्टीकरण मांगा है. पुलिस मुख्यालय ने निर्देश दिए हैं कि अगले 24 घंटे के भीतर इस मामले की विस्तृत और तथ्यात्मक रिपोर्ट सौंपी जाए ताकि स्थिति साफ हो सके.
ब्रिगेडियर जोशी हत्याकांड के बाद बढ़ी है सख्ती
गौरतलब है कि 30 मार्च को रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की हत्या के बाद से दून पुलिस आपरेशन प्रहार चला रही है. इसी घटना के बाद से पुलिस प्रशासन ने रात में देर तक चलने वाले क्लबों और बार पर निगरानी बढ़ा दी है. इसी सख्ती के तहत शनिवार रात को भी कार्रवाई की जा रही थी जिसमें अब पुलिस के बड़े अधिकारियों के बीच का यह विवाद सामने आया है. फिलहाल पब को देर रात तक खोलने के मामले में जांच जारी है.
ADVERTISEMENT


