Dehradun News: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के वसंत विहार इलाके में कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दरअसल, 22 अगस्त को कुछ युवकों ने एक पेट्रोल पंप के पास नवीन भाटिया नामक व्यक्ति के साथ मारपीट की थी. इस दौरान युवकों ने उनकी कार में भी जमकर तोड़फोड़ की. पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी. घटना के बाद नवीन भाटिया ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर दून पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और उनके आधार पर आरोपियों की पहचान की. इसके बाद मंगलवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
ADVERTISEMENT
जानिए क्या है पूरा विवाद और वारदात की वजह?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कैलाशपुरी के रहने वाले नवीन भाटिया ने 22 अगस्त को थाने में एक शिकायत दर्ज कराई थी. पीड़ित के मुताबिक, कार पार्किंग को लेकर उनकी साहिल नाम के युवक से कहासुनी हो गई थी. इसी मामूली बहस के बाद साहिल ने अपने साथियों को बुला लिया. इसके बाद चकराता रोड स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास हमलावरों ने नवीन भाटिया को घेर लिया और उनके साथ मारपीट करते हुए उनकी कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया.
बल्लूपुर चौक के पास हथियारों से किया गया हमला
वसंत विहार थाना क्षेत्र के बल्लूपुर चौक के पास पार्किंग के विवाद ने काफी हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि कई युवकों ने मिलकर कार सवार व्यक्ति पर हेलमेट, लाठी, लोहे की रॉड और चाकू से अचानक हमला कर दिया. इस ताबड़तोड़ हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. हमलावरों का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ, उन्होंने पीड़ित की कार में भी तोड़फोड़ की और उसे पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया.
मौके से फरार हुए आरोपी, पेट्रोल पंप के सीसीटीवी में कैद हुई घटना
वारदात के समय मौके पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए. स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया. लोगों को इकट्ठा होते देख सभी आरोपी मौके से तुरंत फरार हो गए. इसके बाद पीड़ित युवक की शिकायत के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ थाना वसंत विहार में मुकदमा दर्ज किया गया. पेट्रोल पंप पर हुई यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसकी मदद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई.
पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार, बाइकें भी सीज
सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर मंगलवार को चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बाइकों को भी सीज कर दिया है. गिरफ्तार आरोपियों में मोन्टू सोनकर (24), सोहेल सोनकर (19) और कुणाल सोनकर (21) देहरादून के निवासी हैं, जबकि साहिल (22) बिजनौर का रहने वाला है.
यह भी पढ़ें: Uttarakhand Election Survey: उत्तराखंड चुनाव से पहले आया ताजा सर्वे, जानिए जनता की राय
ADVERTISEMENT


