उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक स्कॉर्पियो गाड़ी के भारी मात्रा में कैश बरामद किया है. दरअसल, हालिया घटनाओं के बाद से एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पूरे जिले में संदिग्ध वाहनों की कड़ाई से चेकिंग की जा रहा था. इसी अभियान के तहत पुलिस टीम ने देर रात एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी को रोका. गाड़ी में सवार लोगों से जब पूछताछ की गई तो वे घबरा गए और इधर-उधर की बातें करने लगे. पुलिस को शक हुआ तो उनसे सख्ती से पूछताछ की गई. इसके बाद ड्राइवर ने गाड़ी के अंदर भारी मात्रा में कैश होने की बात कही. पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना उच्च अधिकारियों और इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को दी. टीम के पहुंचने के बाद गाड़ी की तलाशी ली गई तो उसमें बनाए गए एक सीक्रेट केबिन से 1 करोड़ 55 लाख रुपये का कैश बरामद हुआ. इतनी बड़ी रकम देखकर अधिकारी भी दंग रह गए. अब फिलहाल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गाड़ी को सीज कर दिया है और मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 15 मई की देरा रात देहरादून पुलिस रूटिन चेकिंग कर रही थी. इस दौरान पुलिस ने महाराष्ट्र नंबर (नंबर- MH 12 XT 3245) की एक स्कॉर्पियो को रोका. गाड़ी में तीन लोग सवार थे. पूछताछ में ड्राइवर ने अपना नाम सतीश भाई और अपने मेहसाणा (गुजरात) के होने की जानकारी दी. गाड़ी में उनके साथ दो अन्य व्यक्ति भी मौजूद थे. इसमें से एक की पहचान ठाकुर जसवंत सिंह और दूसरे की सचिन पायलट के रूप में हुई. इस दौरान पुलिस इनसे सामान्य पूछताछ कर रही थी तो ये लोग गोलमोल जवाब देने लगे. पुलिस को बातचीत में कुछ संदिग्ध मामला लगा तो सख्ती पूछताछ की गई. इसके बाद उन्होंने राज उगलते हुए बताया कि गाड़ी की पीछे वाली सीट के नीचे एक सीक्रेट केबिन बनाया गया है, जिसमें करोड़ों रुपये का कैश छिपाकर रखा गया है.
इनकम टैक्स की टीम मौके पर पहुंची
गाड़ी में भारी मात्रा में कैश होने की पुष्टि होते ही पुलिस ने तुरंत अपने उच्च अधिकारियों को मामले की जानकारी दी. सूचना मिलते ही सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल खुद मौके पर पहुंचे और पुलिस ने इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के साथ तालमेल स्थापित किया. आयकर विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और दोनों टीमों ने मिलकर गाड़ी के सीक्रेट चैंबर से नोटों की गड्डियां बाहर निकालीं. गिनती करने पर यह पूरी रकम 1 करोड़ 55 लाख रुपये पाई गई, जिसे टीम ने तुरंत अपने कब्जे में ले लिया.
बनारस से आ रहा था करोड़ों का कैश
देहरादून नगर के सीओ सिटी इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ड्राइवर सतीश भाई इस भारी-भरकम कैश के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या कागज प्रस्तुत नहीं कर सका. ड्राइवर के मुताबिक, यह करोड़ों रुपये की धनराशि वो उत्तर प्रदेश के बनारस शहर से लेकर आ रहा था. उसने यह भी खुलासा किया कि देहरादून पहुंचने के बाद यह पूरा पैसा यहां जसवंत नाम के किसी व्यक्ति को डिलीवर किया जाना था. पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि बनारस से देहरादून तक इस रकम को लाने का मुख्य उद्देश्य क्या था और इस नेटवर्क के पीछे कौन लोग हैं.
हवाला नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका
गाड़ी में सीक्रेट केबिन बनाकर जिस तरह से करोड़ों रुपये की नकदी को छिपाकर लाया जा रहा था, उसे देखकर पुलिस हवाला कनेक्शन समेत अन्य कनेक्शन पर भी जांच कर रही है. हालांकि अभी तक अधिकारियों की ओर से हवाला कारोबार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. लेकिन मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है. पुलिस तीनों व्यक्तियों पूछताछ कर रही है. वहीं पुलिस ने स्कॉर्पियो कार को सीज कर दिया है.
ADVERTISEMENT


