Premnagar encounter News: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रेमनगर इलाके में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. इस गोलीबारी में पुलिस ने एक बदमाश मारा गया है. वहीं उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए, जिनकी पुलिस तालाश कर रही है. इस घटना में प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौड़ को भी 2 गोलियां लग गईं, जिसके बाद गंभीर रूप घायल SHO को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. देर रात हुई इस गोलीबारी से इलाके में सनसनी फैली हुई है. क्या है ये पूरा मामला विस्तार से जानते हैं इस खबर में...
ADVERTISEMENT
लूट के बाद राहगीर को मारी थी गोली
यह घटना देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के पौंदा इलाके की है. जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ बदमाशों ने एक राहगीर को निशाना बनाकर उससे लूटपाट करने की कोशिश की. आरोप है कि बदमाशों ने उससे मोबाइल फोन, सोने की चेन और नकदी छीनने का प्रयास किया. जब राहगीर ने विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर गोली चला दी और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और पूरे इलाके में घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी.
SHO को लगी 2 गोलियां, 1 बदमाश ढेर
इस बीच पुलिस बदमाशों का पीछा करते हुए उनके करीब पहुंच गई. आरोप है कि खुद को घिरता देख बदमाशों के पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. बदमाशों की तरफ से हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने भी अपना बचाव करते हुए जवाबी कार्रवाई शुरू की. इस दौरान बदमाशों की 2 गोलियां थाना प्रभारी (SHO) नरेश राठौड़ को लग गईं, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े. इसके बाद उन्हें तुरंत उपचार के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं मुठभेड़ में एक बदमाश को पुलिस ने मौके पर ही ढेर कर दिया. SSP देहरादून ने बताया कि इस मुठभेड़ के दौरान कुछ आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे जिनकी तलाश के लिए पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है.
फरार आरोपियों की तलाश जारी- SSP
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि घटना के बाद से ही सुरक्षा बढ़ा दी गई है. SSP ने बताया कि फरार बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं. पुलिस अब मारे गए बदमाश का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी मिल सके. वहीं इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है.
ADVERTISEMENT


