बचाओ...बचाओ...बचाओ... चिल्लाती रही बच्ची, दबंग घर पर बरसाते रहे पत्थर, देहरादून से सामने आया दिल दहला देने वाला वीडियो

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब दबंगों ने एक घर पर पथराव कर दिया. घर में अकेली मौजूद नाबालिग बच्ची ने रोते हुए पूरी घटना रिकॉर्ड की और मुख्यमंत्री से मदद की गुहार लगाई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया.

देहरादून में दबंगों का कहर
देहरादून में दबंगों का कहर

सागर शर्मा

follow google news

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अपराध और हिंसक घटनाए कम हाेने का नाम नहीं ले रही है. ताजा मामला प्रेमनगर इलाके से सामने आया है. आरोप है कि यहां एक जमीन विवाद को लेकर दबंगों ने एक घर पर जमकर पत्थरबाजी की. बताया जा रहा है घटना के समय घर पर एक नाबालिग बच्ची से सिवाय और कोई नहीं था. डर सहमी बच्ची ने इस घटना का रोते हुए वीडियो बनाकर पूरी घटना को कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया. वीडियाे में बच्ची मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से न्याय की गुहार लगाते हुए नजर आ रही है.

Read more!

सबसे पहले जानिए क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, साल 2022 में पीड़ित परिवार ने ये जमीन खरीदी थी. इसके बाद उन्होंने यहां पर मकान बनाकर रहना शुरू कर दिया. परिवार यहां पर खुशी खुशी अपना जीवन बसर कर रहा था. लेकिन इस बीच अचानक 2026 जनवरी में दिल्ली से आए एक पक्ष ने इस जमीन पर अपना दावा ठोक दिया. इसके बाद उनकी रजिस्ट्री की जांच की गई तो वो रिकॉर्ड में हाल ही में यानी 2026 की पाई गई. इसके बाद से दोनों जमीन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया. दोनों ही पक्ष जमीन पर अपना हक होने का दावा करने लगे.

थाने में पुलिस और घर पर पथराव

जमीन का ये विवाद इतना बढ़ा कि पुलिस दोनों पक्षों को समझाने और पूछताछ के लिए थाने ले गई. लेकिन जैसे ही घर से बड़े सदस्य थाने पहुंचे तो इसके पीछे से कुछ अज्ञात हमलावरों ने मौके का फायदा उठाकर घर पर धावा बोल दिया. दबंगों ने घर पर पत्थरों की बरसात कर दी और अंदर घुसने की कोशिश की. उनके हाथ में लाठी डंडे थे, मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था. इस हमले में घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए जिससे उनकी पहचान न जा सके.

चश्मदीद बच्ची ने सुनाई पूरी घटना

इस पूरी घटना के दौरान घर में एक नाबालिग बच्ची मौजूद थी. बच्ची ने साहस दिखाते हुए मोबाइल से ये पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड कर लिया. वीडियो में बच्ची रोते हुए बता रही है कि कैसे उन पर पत्थर फेंके गए, जिससे वो काफी डर गई. घटना के बाद बच्ची ने मीडिया से बात की इस दौरान बच्ची के चेहरे पर घटना को लेकर दहशत साफ देखी जा सकती है.

बच्ची ने बताया कि हमलावर गेट तोड़ने की धमकी दे रहे थे. उनके पास हथियार भी थे. उनके फेंके हुए पत्थर रसोई और बाथरूम तक पहुंच गए थे जिससे खिड़कियों के कांच और गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा. अब घटना को लेकर बच्ची ने सीएम धामी से न्याय की अपील की है. इस हमले से पूरा परिवार बुरी तरह डर गया है.

पुलिस की कार्रवाई और 14 गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रेमनगर एसओ नरेश राठौड़ ने बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है. बलवे और पथराव में शामिल 14 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच मालिकाना हक को लेकर विवाद चल रहा है, जिसकी जांच की जा रही है. 

यह भी पढ़ें: हाथों में हथकड़ी, सड़क पर नंगे पैर… रोते हुए मांगी माफी, देहरादून में दिव्यांशु जटराना केस में दो आरोपी गिरफ्तार, 9 अभी भी फरार

    follow google news